हाथरस जंक्शन क्षेत्र में गांव नगरिया और दरियापुर के बीच हाईटेंशन लाइन के खंभे में ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी, जिससे खंभा टूट गया। इस कारण इस लाइन से जुड़े आठ गांवों की बिजली 12 घंटे ठप रही। बिना बिजली के ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
जिन इलाकों की बिजली बाधित रही, उनमें नगरिया, दरियापुर, देवीनगर, हाथरस जंक्शन, सिताहरी, नगला वीर सहाय, कल्यानपुर, बरौली और शंकरपुर गांव शामिल हैं। बिजली न आने के कारण यह गांव रात भर अंधेरे में डूबे रहे। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार 12 घंटे तक बिजली न रहने से इन्वर्टर भी कुछ समय बाद जवाब दे गए, जिससे पूरी रात अंधेरे में गुजारनी पड़ी।
सुबह बिजली न होने से ग्रामीणों को पानी की व्यवस्था करने में भी दिक्कत हुई। बिना पानी के उनके रोजमर्रा के काम चौपट पड़े रहे। रविवार की सुबह विद्युत कर्मियों की टीम ने पेट्रोलिंग शुरू की।
काफी मशक्कत के बाद सुबह करीब 11 बजे बिजली बहाल हो सकी, जिसके बाद ग्रामीणों के कामकाज सुचारू हो सकेक्। जेई पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची थी। क्षतिग्रस्त खंभे को बदलने और लाइन को दुरुस्त करने के बाद आपूर्ति बहाल कर दी गई।
रात भर बिजली न आने से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। घर में लगे इन्वर्टर की बैटरी भी वीक हो गई। सुबह नहाने-धोने के लिए पानी का इंतजाम करने के लिए भी परेशान होना पड़ा।
-दीपक शर्मा निवासी हाथरस जंक्शन।
रात भर बिजली न आने के कारण काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। पता नहीं किस कारणवश रात 11 बजे से बिजली नहीं आई। रात भर मच्छरों से परेशान रहे। चैन से सो भी नहीं पाए।
-लोकेश कुमार सेंगर, निवासी हाथरस जंक्शन।