सिकंदराराऊ बिजलीघर पर पहुंचे भाजपा नेता। संवाद
- फोटो : samvad
तेज बारिश ने नगर की बिजली व्यवस्था को तगड़ा झटका दिया है। नगला जलाल बिजलीघर में हुए फॉल्ट के कारण शुक्रवार की सुबह साढ़े आठ बजे ठप हुई बिजली शाम पांच बजे तक बहाल हो सकी। बड़ी संख्या में भाजपाई बिजलीघर पर पहुंच गए और जमकर हंगामा किया, लेकिन जब अधिकारियों ने उन्हें वस्तुस्थिति बताई तो वह मायूस होकर लौट आए।
काफी समय से नगर की बिजली व्यवस्था रामभरोसे चल रही थी। रही-सही कसर बारिश ने पूरी कर दी। बारिश के चलते बृहस्पतिवार की रात दो बजे अचानक बिजली ठप हो गई। शुक्रवार की सुबह साढ़े आठ बजे बिजली आई, लेकिन थोड़ी देर बाद ही नगला जलाल स्थित 132 केवी विद्युत उपकेंद्र में फॉल्ट हो गया। इस कारण पूरे नगर और क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई।
शुक्रवार की सुबह से ही बिजलीघर पर फॉल्ट दूर करने का काम शुरू कराया गया। शुक्रवार की शाम पांच बजे फॉल्ट दूर हुआ। तब जाकर विद्युत आपूर्ति बहाल हो सकी। बिना बिजली के लोगों के घरेलू काम ठप पड़े रहे। काम-धंधों पर भी असर पड़ा। सुबह-सुबह पानी का संकट भी झेलना पड़ा। शुक्रवार को भाजपा नगर अध्यक्ष नीरज वैश्य, सभासद राज वार्ष्णेय, अखिल वार्ष्णेय समेत बड़ी संख्या में भाजपाई बिजलीघर पर पहुंच गए। उन्होंने वहां हंगामा किया। एसडीओ आफताफ आलम ने उन्हें फॉल्ट के बारे में जानकारी दी तो भाजपाई चुपचाप वहां से चले आए।