जिले में जल्द खुलेगा बिजली थाना, कवायद शुरू
शासन स्तर से बिजली थाना खोलने के लिए आया फरमान
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। जिले में जल्द बिजली थाना खुलेगा। बिजली थाना खुलने से बिजली चोरी पर लगाम लगेगी तो वहीं भ्रष्ट अधिकारियों की शामत भी आएगी। शासन स्तर से बिजली थाना खुलने का आदेश आने के बाद विभागीय अधिकारी भवन की तलाश में जुटे हुए हैं। बिजली थाने में उपभोक्ता कनेक्शन नहीं देनेे, लोड बढ़वाने आदि के नाम पर रिश्वत मांगने की शिकायत कर सकेंगे।
उल्लेखनीय है कि शहर में 40 प्रतिशत तो देहात में 60 प्रतिशत बिजली चोरी हो रही है। इसे लेकर बिजली अधिकारी खासे परेशान हैं। अब हाथरस जिले में भी जल्द बिजली थाना खुलने जा रहा है, इसलिए बिजली अधिकारियों को चेकिंग के लिए पुलिस फोर्स मांगने की आवश्यकता भी नहीं पड़ेगी। बिजली थाने में दो दो दरोगा के अलावा चार-चार कांस्टेबल व हेड कांस्टेबल की तैनाती की जाएगी। इन पुलिस कर्मियों को व्यवहारिकता का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इसके अलावा पहले से कार्य कर रहे प्रवर्तन दलों के साथ छापामारी के लिए भेजा जाएगा। इन पुलिस थानों को सीसीटीएनएस सिस्टम से जोड़ने की कवायद चल रही है। इस मामले में एक्सईएन खानचंद्र का कहना है कि बिजली थाने खोलने की कवायद चल रही है। जल्द जिले में थाना खुलेगा।