संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
रविवार की सुबह से शुरू हुई बारिश के कारण शहर देहात तक बिजली सिस्टम ठप हो गया। शहर में करीब 12 घंटे तो देहात में देर रात तक बिजली गुल रही।। बिना बिजली के लोग जरूरी कामकाज नहीं कर सके। बिना बिजली के लोगों को खासी मुश्किलों से जूझना पड़ा।
प्रदेश सरकार भले ही लोगों को बेहतर आपूर्ति देने का दावा कर रही है, लेकिन बारिश में बिजली सिस्टम बुरी तरह लड़खड़ा गया। विभागीय अधिकारी लाइनों के रखरखाव पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। इसका खामियाजा उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है। रविवार की सुबह से शाम तक हुई बारिश के कारण ओढ़पुरा बिजलीघर से जुड़े गिजरौली, प्रगतिपुरम और मुरसान गेट आदि सब स्टेशनों से निकलने वाली लाइनों में फाल्ट हो गए।
इस कारण शहरवासियों को करीब 12 घंटे तक बिना बिजली के रहना पड़ा। वहीं देहात में पूरे दिन बिजली की आंख-मिचौली चली। शाम को तेज बारिश के चलते देहात में देर रात तक बिजली गुल रही। बिना बिजली के लोगों के घरों में लगे इन्वर्टर भी ठप हो गए। कल-कारखानों की मशीनें थमी रही। घरों में लगे उपकरण शोपीस बन गए। पानी का संकट भी झेलना पड़ा।