संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
ओढ़पुरा बिजलीघर से शनिवार की दोपहर को प्रगतिपुरम विद्युत उपकेंद्र को आने वाली 33 केवीए की लाइन के केबल बक्से में धमाका हो गया। इसके साथ शहर के कई इलाकों में बिजली संकट गहरा गया। लोगों को बिना बिजली कई घंटे रहना पड़ा। कर्मचारी केबल बक्से की मरम्मत करने में जुटे रहे।
शनिवार की दोपहर को ओढ़पुरा बिजलीघर पर प्रगतिपुरम सबस्टेशन को आने वाली 33 केवीए की लाइन के केबल बक्से में जोरदार धमाका हुआ। धमाके के साथ शहर के अलीगढ़ रोड, रमनपुर, नवल नगर, श्रीनगर और कैलाश नगर सहित कई इलाकों में बिजली गुल हो गई। बिजली गुल होने के कारण लोग जरूरी कामकाज नहीं कर सके।
घरों में लगे विद्युत उपकरण शाम तक शोपीस बने रहे। बिना बिजली के लोगों को शाम तक काफी मुश्किलों से जूझना पड़ा। एसडीओ एसएन पांडेय का कहना है कि 33 केवीए बिजलीघर का केबल बक्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। इस कारण कुछ घंटे के लिए बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है।