संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
जिन लोगों पर बिजली का बकाया है। उनके अगले तीन महीने तक कनेक्शन नहीं कटेंगे। बिजली कर्मी बकाया वाले उपभोक्ताओं के यहां घर पहुंचकर दरवाजा खटखटाएंगे। उनसे बकाया जमा करने की अपील करेंगे। ओटीएस में बकाया हासिल करने का विभाग ने नया तरीका निकाला है। यदि कोई उपभोक्ता इसके बाद भी जमा नहीं करता है तो उस पर महकमे द्वारा कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि कोविड 19 में काफी लोगों के काम धंधे चौपट हो गए। लोगों पर आर्थिक तंगी आ गई। इस बात को ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार द्वारा शहरी व ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए ओटीएस का क्रियान्वयन किया है। इस दौरान बिजली महकमे के कर्मी बकायेदारों के यहां दस्तक देंगे। लेकिन इस दौरान बकायेदारों की पोल से केबिल नहीं काटेंगे।
दरवाजा खटखटाने के साथ उन्हें बिजली बिल जमा करने के लिए प्रोत्साहित करेंगे। इस मामले में बिजली थाना प्रभारी अवधेश कुमार जादौन का कहना है कि बीते दिनों यह आदेश आया है कि तीन महीने तक बकायेदारों के कनेक्शन नहीं कटेंगे। बकायेदारों का दरवाजा खटखटाकर उन्हें बिल जमा करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।