आजाद समाज पार्टी के प्रत्याशी आदित्य प्रकाश वर्मा। संवाद
- फोटो : Samvad
विधानसभा चुनाव-2027 में अभी डेढ़ वर्ष से अधिक का समय है, लेकिन जिले में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। सलेमपुर इंडस्ट्रियल एरिया में हाल ही में हुई सीएम योगी की विकास जनसभा के बाद आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने हाथरस की दो विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। वहीं, बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी प्रत्याशी चयन को लेकर अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। इन घटनाक्रमों ने जिले में चुनावी माहौल समय से पहले बना दिया है।
भाजपा ने विकास के मुद्दे पर साधा निशाना
सलेमपुर इंडस्ट्रियल एरिया में आयोजित जनसभा में सीएम योगी ने औद्योगिक विकास, रोजगार और आधारभूत ढांचे को प्रमुखता दी। मथुरा-बरेली फोरलेन, औद्योगिक निवेश और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार जैसे मुद्दों को सामने रखकर पार्टी ने 2027 की तैयारियों के संकेत दिए।
आसपा ने दो सीटों पर घोषित किए चेहरे
आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने सबसे पहले अपने उम्मीदवारों का एलान कर दिया है। हाथरस सदर (सुरक्षित) सीट से पूर्व आईपीएस अधिकारी आदित्य प्रकाश वर्मा और सिकंदराराऊ सीट से पूर्व विधायक अमर सिंह यादव के पुत्र बिजेंद्र यादव को प्रत्याशी घोषित किया गया है। पार्टी का दावा है कि दोनों नेता क्षेत्र में जल्द जनसंपर्क अभियान शुरू करेंगे।
बसपा ने भी दिया स्पष्ट संदेश
बसपा सुप्रीमो मायावती ने सोशल मीडिया पर कहा कि उत्तर प्रदेश सहित सभी राज्यों में प्रत्याशियों के चयन का अंतिम निर्णय वही करेंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन की बैठकें नियमित प्रक्रिया का हिस्सा हैं और टिकट को लेकर फैल रही अटकलों पर भरोसा न किया जाए।
तीनों सीटों पर बढ़ी राजनीतिक सक्रियता
भाजपा की विकास जनसभा, आसपा की प्रत्याशी घोषणा और बसपा की सक्रियता के बाद हाथरस सदर, सिकंदराराऊ और सादाबाद विधानसभा क्षेत्रों में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। हालांकि प्रमुख दलों ने अभी अपने सभी उम्मीदवार घोषित नहीं किए हैं, लेकिन समय से पहले शुरू हुई तैयारियां यह संकेत दे रही हैं कि जिले में 2027 का चुनावी मुकाबला दिलचस्प होने वाला है।