अलीगढ़-कानपुर जीटी रोड हाईवे पर सोमवार रात लगभग 12 बजे मंडी समिति के निकट रास्ता भटकी एक कार को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। जिससे कार में बैठे छह महिला-पुरुष श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को कार की चादर फाड़ कर बाहर निकाला गया। तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां से तीन को रात में ही रेफर कर दिया गया। टक्कर के बाद कार का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
पुलिस के अनुसार थाना दातागंज जनपद बदायूं के गांव सरदाला गंज निवासी रीता देवी (45) पत्नी धर्मवीर सिंह, सुमित सिंह (35) पुत्र धीरपाल सिंह, अनामिका (24) पत्नी सनी सिंह, अमित कुमार सिंह (23) पुत्र धीरपाल सिंह, कुमारी निशा (15) पुत्री धर्मवीर सिंह, पूनम (17) पुत्री धर्मवीर सिंह सोमवार को वृंदावन में श्रीबांके बिहारी जी के दर्शन व भंडारा कर रात को वापस गांव लौट रहे थे।
मथुरा-बरेली हाईवे निर्माण के कारण कार गलत डायवर्जन से कासगंज रोड की बजाय अलीगढ़-कानपुर हाईवे की ओर मुड़ गई। आगे चलकर जब चालक को गलती का एहसास हुआ तो उसने सिकंदराराऊ की मंडी समिति के पास यू टर्न लेकर कार को मोड़ना चाहा, इसी दौरान पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। जिससे कार के अंदर चीखपुकार मच गई। इसमें सवार सभी लोग घायल हो गए।
आते-जाते वाहन रुक गए। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई। तत्काल घायलों को कार की चादर फाड़ कर बाहर निकाला गया। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। मौके पर तहसीलदार सोनू बघेल, कोतवाल शिवकुमार शर्मा पहुंच गए तथा घायलों का इलाज शुरू कराया गया। तीन लोगों को गंभीर चोट के कारण रात में ही रेफर कर दिया गया। कोतवाल शिवकुमार शर्मा का कहना है कि तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन को तलाश कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दोनों हाईवे पर नहीं हैं कोई मार्ग संकेतक बोर्ड
अलीगढ़-कानपुर जीटी रोड हाईवे पर अलीगढ़ से आते समय सिकंदराराऊ से पहले कस्बे में आने वाले सर्विस रोड पर कहीं भी संकेतक बोर्ड नहीं लगा है। अनजाने में कई वाहन सर्विस रोड पर न आकर सीधे हाईवे पर चढ़ जाते हैं तथा सात किलोमीटर दूर गांव रातिभानपुर पर जाकर वापस दूसरी लेन से सिकंदराराऊ आते हैं। रोजाना रात में 30 से 40 वाहन चालक भटक जाते हैं। इसी प्रकार मथुरा-बरेली हाईवे पर रोड डायवर्जन का बोर्ड तो लगा दिया है, लेकिन उसे पर यह नहीं लिखा गया कि कौन सी जगह के लिए किस तरफ जाया जाए। इस लापरवाही से लोगों में रोष है। स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि दोनों मार्गों पर बड़े ग्लोसाइन संकेतक बोर्ड लगाए जाएं ताकि लोग रास्ता न भटकें।