ग्राम पंचायत मथुरापुर के ग्रामीणों ने तहसीलदार व राजस्व कर्मियों की मौजूदगी में मनरेगा का कार्य जेसीबी से कराए जाने की शिकायत ग्रामीणों ने डीएम से की है। ग्रामीणों ने इस संबंध में प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट को ज्ञापन भी सौंपा।
ज्ञापन में महिला किसान शिवजराज पत्नी स्वर्गीय किशनपाल सिंह, ओमप्रकाश, रमेश और नेकसेराम पुत्र यादराम ने कहा है कि ग्राम पंचायत का चकमार्ग गांव की सड़क से गांव भरतपुर की सीमा तक जाता है। तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक व लेखपाल की मौजूदगी में दो मई को आधे चकरोड पर मनरेगा के तहत मजदूरों के बजाय जेसीबी से ग्राम प्रधान ने मिट्टी डलवाने का कार्य कराया। आरोप है कि प्रधान ने वैमनस्यता के कारण किसानों के खेत में गड्ढे कर दिए हैं। पार्टीबंदी के कारण आधे-अधूरे चकरोड पर ही मिट्टी डलवाई गई है। जेसीबी ने किसानों की सिंचाई वाली पाइप लाइन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया है।
किसानों का आरोप है कि उन्होंने मौके पर विरोध कर कहासुनी करते हुए पूरे चकरोड पर मिट्टी डलवाने की मांग की तो तहसीलदार ने धमकी देते हुए कहा कि अगर ज्यादा बातें की तो जेल भिजवा दूंगा। ग्रामीणों ने डीएम से पूरे चकरोड पर मिट्टी का कार्य कराने और मजदूरों के बजाय जेसीबी से कार्य कराने के मामले में कार्रवाई करने की मांग की है।