फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हाथरस सड़क हादसा: ई रिक्शा-टाटा 407 की भिड़ंत, खिलाड़ी समेत तीन की मौत, मां-बेटे सहित चार घायल

Thu, 26 Nov 2026 06:33 PM IST
Chaman Kumar Sharma अमर उजाला नेटवर्क, हाथरस

सार

आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर गुरुवार को ई-रिक्शा और टाटा 407 वाहन की आमने-सामने की भिड़ंत में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि मां-बेटे समेत चार लोग घायल हो गए।
विज्ञापन
सासनी में सड़क हादसा - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हाथरस के आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर सासनी कोतवाली क्षेत्र में नगला भूरा व समामई के बीच अलीगढ़ की ओर से आ रहे ई-टेंपो व टाटा 407 की भिड़ंत हो गई। भीषण हादसे में मेंडू के रहने वाले अंडर-16 क्रिकेट खिलाड़ी अश्वनी कुशवाहा (16), ओमकार (45) निवासी जहांगीराबाद दिल्ली व टेंपो चालक चंद्रपाल (60) निवासी डोरीनगर, सासनी गेट (अलीगढ़) की मौके पर ही मौत हो गई। टेंपो चालक व खिलाड़ी का चेहरा बुरी तरह कुचल गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए। तीनों शव व मांस के लौथड़े सड़क पर बिखर गए।

विज्ञापन

अश्वनी अलीगढ़ की भीकमपुर एस्टेट क्रिकेट एकेडमी का खिलाड़ी था। बृहस्पतिवार को महुआ खेड़ा मैदान, अलीगढ़ में मैच होने के कारण वह अपने दोस्तों के साथ एकेडमी की ओर से खेलने गया था। अलीगढ़ में आगरा कट से हाथरस आने के लिए शाम 5 बजे वह अपने दोस्त भानू गौतम निवासी सादाबाद गेट, कोतवाली सदर व वैभव निवासी आगरा रोड, हाथरस के साथ लौट रहा था। सासनी से हाथरस के लिए दूसरा टेंपो पकड़ना था। टेंपो में अन्य सवारियां भी थीं, जिनमें ओमकार के अलावा उनकी पत्नी विनीता, बेटी प्रियंका (18) व बेटा लक्ष्य (13) तथा आदिल (46) निवासी तुर्कमान गेट, अलीगढ़ भी थे। विनीता परिवार के साथ अपनी चचेरी बहन की शादी में हाथरस आ रही थीं। शाम करीब 5:30 बजे राधिका ढाबा पार करते ही सामने तेज रफ्तार टाटा-407 से सीधी भिड़ंत हो गई। टाटा-407 का चालक तेज रफ्तार में ही दाहिनी ओर ढाबे पर खाना खाने के लिए मुड़ रहा था।
तेज धमाके के साथ टेंपो पलटकर दूर जाकर गिरा और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर ढाबे व आसपास की दुकानों पर मौजूद लोग मौके पर पहुंच गए तथा घायलों की मदद की। सड़क पर खून ही खून था। सूचना के 10 मिनट के अंदर एनएचएआई की एंबूलेंस व पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायलों को सीएचसी ले जाया गया तथा तीनों शवों को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचाया। विनीता, प्रियंका, लक्ष्य, भानू व वैभव को अलीगढ़ रेफर किया गया। वहीं आदिल को जिला अस्पताल लाया गया। इनमें विनीता, लक्ष्य व आदिल की हालत गंभीर बनी हुई है। डीएम सत्यप्रकाश पटेल व एसपी चिरंजीवनाथ सिन्हा जिला अस्पताल पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया। पूरा प्रशासनिक अमला यहां मौजूद रहा।
विज्ञापन

समामई के निकट दुखद घटना हुई है, जिसमें तीन लोगों की मौत हुई है। घायलों के बेहतर उपचार के लिए व्यवस्था की जा रही है। जिले के एक होनहार खिलाड़ी को खोया है, जिसकी भरपाई नहीं की जा सकती। ठंड के मौसम में सड़क दुर्घटनाएं रोकने के लिए पुलिस व परिवहन विभाग के साथ मिलकर कार्य योजना तैयार की जाएगी। प्रभावित परिवारों को हर संभव शासकीय सहायता मुहैया कराई जाएगी।-सत्यप्रकाश पटेल, डीएम
हादसे की सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को तत्काल असपताल पहुंचाया गया। गाड़ी कब्जे में ले ली गई है। चालक भी पकड़ लिया गया है। सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।-चिरंजीवनाथ सिन्हा, एसपी

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें