हाथरस (ब्यूरो)। 29 फरवरी के उपरांत सेवानिवृत होने वाले सभी राज्य कर्मचारियों के पेंशन प्रकरणों का निस्तारण समयबद्ध सुनिश्चित करने के लिए शासन द्वारा ई-पेंशन प्रणाली लागू करने का निर्णय लिया गया है। अब जिले के समस्त आहरण एवं वितरण अधिकारी और पेंशन स्वीकृतकर्ता अधिकारी 29 फरवरी के उपरांत सेवानिवृत होने वाले राज्य कर्मचारियों के पेंशन प्रकरण ई-पेंशन प्रणाली के जरिए ही स्वीकृत करेंगे।
शनिवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला कोषागार के तत्वावधान में ऑनलाइन पेंशन स्वीकृति प्रणाली ई-पेमेंट सिस्टम क्रियान्वयन एवं डिजिटल सिग्नेचर के संबंध में एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। संयुक्त निदेशक कोषागार एवं पेंशन दिलीप कुमार अग्रवाल ने समस्त आहरण एवं वितरण अधिकारियों से कहा कि ई-पेंशन प्रणाली लागू करने के लिए वह तत्काल यूपी इलेक्ट्रानिक कॉरपोरेशन लखनऊ से डिजिटल सिग्नेचर प्राप्त करके जिला कोषागार में दर्ज करा दें। सीडीओ जावेद अख्तर जैदी ने कार्यशाला में मौजूद आहरण एवं वितरण अधिकारियों से कहा कि वह शासन के निर्देशानुसार ई-पेंशन प्रणाली को लागू करने के लिये सभी जरूरी प्रक्त्रिस्याओं को समय से पूरा करें। वरिष्ठ कोषाधिकारी प्रदीप भार्गव ने सभी आहरण एवं वितरण अधिकारियों को डिजिटल सिग्नेचर एवं ई-पेंशन प्रणाली के संबंध में विस्तार से बताया और आहरण-वितरण अधिकारियों द्वारा प्रस्तुत शंकाओं का समाधान किया।
जिला कोषागार के राजवीर सिंह ने प्रशिक्षण कार्यक्त्रस्म में वीडियो प्रोजेक्टर के जरिए बताया कि आहरण एवं वितरण अधिकारी व पेंशन स्वीकृतकर्ता अधिकारी के पास डिजिटल सिग्नेचर सर्टिफिकेट एवं ड्राइवर सीडी की डिवाइस होना अनिवार्य है। व्यवस्था में स्वान एवं निकनेट के तकनीकी अधिकारी शुभम सिंह, रवींद्र सिंह, लोकेंद्र शर्मा, अमित मदनावत तथा जिला कोषागार के दिलीप कुमार सक्सेना, आरपीएस राना, अजय गुप्ता, दिनेश शर्मा, अतुल कुमार जैन, रुस्तम सिंह आदि का सहयोग सराहनीय रहा। सीएमओ डॉ. रामवीर सिंह, डीपीआरओ जगदीश राम गौतम, डीआईओ यतीशचंद्र गुप्ता, जिला समाज कल्याण अधिकारी अशोक कुमार सिंह आदि मौजूद थे।