आंधी के बाद धूल से अट गया शहर।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो हाथरस
हाथरस। मौसम का मिजाज फिर से बदल गया। गुरुवार शाम अचानक आई तेज आंधी से कई स्थानों पर पेड़ टूटकर गिर गए और होर्डिंग्स उड़ गए। कई जगह बिजली के तार टूटकर जा गिरे, वहीं ब्रेक डाउन भी हुए, जिससे जिले की बिजली व्यवस्था भी ठप हो गई।
मई के अंतिम हफ्ते से से अब तक मौसम का मिजाज कई बार बदल चुका है। गुरुवार को सुबह से शाम तक आसमान में कई बार बादल छाए, लेकिन तेज धूप ने भी लोगों को परेशान किए रखा। शाम पांच बजे अचानक फिर से मौसम का मिजाज बदल गया। तेज धूल भरी आंधी से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। सड़कों पर आंधी से बचने के लिए लोग इधर-उधर दौड़ते देखे गए। वहीं घरों में काफी धूल भर गई। इधर, ग्रामीण क्षेत्र में कई स्थानों पर पेड़ उखड़कर गिर गए, जिससे आवागमन बाधित हो गया। होर्डिग्ंस भी आंधी की भेंट चढ़ गए। कई जगह बिजली के तार भी टूट गए और उनमें ब्रेक डाउन भी हो गया, जिससे जिलेभर की बिजली सप्लाई ठप हो गई। कई इलाकों में तो देर रात तक आपूर्ति ठप रही। इससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। एक्सईएन द्वितीय भूपेंद्र सिंह ने बताया कि आंधी में नुकसान की सूचना शुक्रवार तक आएगी। एसडीओ हरिओम सोनी ने बताया कि आंधी इतनी तेज नहीं थी, लेकिन नुकसान की रिपोर्ट अगले दिन ही आ पाएगी।