दहेज की मांग पूरी न होने पर की मारपीट और तीन बार कहा तलाक
विवाहिता ने पति व अन्य ससुरालीजनों के खिलाफ महिला थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालीजनों ने एक विवाहिता को प्रताड़ित किया। यही नहीं पति ने तीन बार तलाक-तलाक-तलाक भी कहा। इस मामले की रिपोर्ट महिला थाने में मारपीट व दहेज उत्पीड़न के साथ-साथ मुस्लिम महिला (विवाह पर अधिकारों की सुरक्षा) अधिनियम, 2019 के तहत दर्ज की गई है।
महिला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए नगीना पुत्री कमालुद्दीन निवासी नगला लच्छी थाना चंदपा ने कहा है कि उसकी शादी अफरोज पुत्र अनीश खां निवासी गौंडा रोड महफूज नगर देहली गेट अलीगढ़ के साथ 25 नवंबर 2015 के हुई थी। शादी के बाद से ही पति व अन्य ससुरालीजन उसे दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने लगे। इस दौरान नगीना के दो बच्चे भी हुए।
आरोप है कि मंगलवार एक अक्तूबर की शाम को नगीना व उसके दोनों बच्चों को उसके ससुरालीजन यह कहकर बुलेरो गाड़ी में बैठाकर लाए कि वह सभी लोग उसके पिता से मिलने जा रहे हैं। बाईपास रोड कपूरा के निकट बुलेरो गाड़ी को रोक लिया और उसके बाल पकड़ कर धक्का देते हुए जमीन पर गिरा दिया। उसके साथ मारपीट की। यही नहीं पति ने ने उसे तीन बार तलाक-तलाक-तलाक कहा। बाद में यह सभी लोग उसे छोड़कर बुलेरो में बैठकर चले गए। रिपोर्ट में पति अफरोज, श्वसुर अनीश खां, सास हुस्नबानो व जेठ फिरोज को नामजद किया गया है।