नगर पंचायत मुरसान में एक करोड़ रुपये से पेयजल और पथ प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा। इसका प्रस्ताव शासन को भेजा गया है, मंजूरी मिलते ही काम शुरू कर दिया जाएगा।
योजना के तहत उन गलियों में पेयजल की पाइपलाइन बिछाई जाएगी, जो अभी तक इससे वंचित हैं। इससे स्थानीय निवासियों को स्वच्छ और पर्याप्त पानी उपलब्ध होगा। नगर पंचायत क्षेत्र के प्रमुख चौराहों पर चार हाईमास्ट लाइटें लगाई जाएंगी ताकि रात के समय सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हो। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि यह प्रस्ताव 15वें वित्त आयोग की योजना के तहत तैयार कर शासन को भेजा गया है, जल्द ही स्वीकृति मिलने की संभावना है। स्वीकृति मिलते ही कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि लंबे समय से कई गलियों में पानी की पाइपलाइन न होने और अंधेरे की समस्या से जूझना पड़ रहा था। अब इस योजना से राहत मिलने की उम्मीद है।