घर से खींचकर महिला को पीटा
पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर की कार्रवाई की मांग
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। कोतवाली हाथरस गेट के गांव दया नगला में तीन युवकों ने महिला को घर से खींचकर जमकर पिटाई की। जिससे महिला बुरी तरह से घायल हो गई। इस मामले में पुलिस से शिकायत करते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
शनिवार की देर शाम को नगला दया निवासी रवेंद्र की पत्नी आरती घर पर अकेली थी। आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते पड़ोस के तीन युवक आए और गाली-गलौज करने लगे। जिस पर आरती ने उनका विरोध किया तो वह उसे और ज्यादा बुरा-भला कहने लगे और उसे जमीन पर पटककर पीटने लगे।
आस-पड़ोस के लोगों ने जैसे-तैसे महिला को बचाया। इस मामले की शिकायत रात को पुलिस से की गई। जिसके बाद पुलिस ने इलाज के लिए महिला को जिला अस्पताल भेजा। इस मामले में पति ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने के लिए पुलिस को तहरीर दी है।