दहेज न मिलने पर करंट लगाया
सिकंदराराऊ के मऊ चिरायल की राखी के साथ उत्पीड़न की सारी हदें पार कर दीं गईं। युवती की मां रामश्री देवी ने बताया कि दिसंबर 2024 में उन्होंने बेटी की शादी मडराक अलीगढ़ के विकास से की थी। शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया गया। आरोप है कि एक फरवरी को मारपीट कर जान से मारने की नीयत से करंट भी लगाया। इसके बाद उन्होंने बेटी को ससुराल नहीं भेजा और पुलिस में शिकायत की। रामश्री ने मंगलवार को महिला थाने में पति विकास के अलावा सास-ससुर व अन्य रिश्तेदारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बहन का पक्ष लेने आए भाई को पीटा
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव बाद अठवरिया में ससुरालियों ने युवक व उसकी बहन को बेरहमी से पीटा। हसायन के रहने वाले सुनील कुमार ने बताया कि छह अप्रैल को उनकी बहन नीतू के साथ ससुरालियों ने मारपीट की थी। घटना की जानकारी पर वे ससुरालियों को समझाने नीतू के घर पहुंचे। आरोप है कि बहन के पति छोटू, ससुर राकेश कुमार, जेठ व सास ने मारपीट कर दी। सुनील का आरोप है कि उनके अलावा बहन नीतू तथा साथ आई दूसरी बहन जावित्री को पीटा। 14 अप्रैल को कोतवाली हाथरस गेट पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की।