गेहूं की फसल खेतों में पकी खड़ी है। इन दिनों चल रहीं तेज हवाओं में छोटी सी चिंगारी किसानों की मेहनत पर पानी बहा सकती है। फसलों में आग लगने की घटनाएं शुरू हो चुकी हैं। ऐसे में किसानों को सावधान रहने की जरूरत है। आंकड़े बताते हैं कि पिछले छह सालों में फसलों में आग लगने की करीब 350 घटनाएं हो चुकी हैं।
हर साल मार्च के अंत व अप्रैल माह में गर्मी तेज हो जाती है, वहीं तेज हवाएं भी चलती हैं। इसके चलते खेतों में खड़ी फसल में आग लगने की सबसे अधिक घटनाएं सामने आती हैं। इससे बचाव के लिए अब किसानों को विशेष सावधानी बरतनी होगी। पिछले छह सालों की बात करें तो इस तरह की करीब 350 घटनाएं हो चुकी हैं।
इनमें अधिकांश घटनाएं खेतों के ऊपर से जा रहे बिजली के तारों व खेतों के पास लगे विद्युत ट्रांसफार्मर से चिंगारी निकलने आदि से होती हैं। बावजूद इसके विद्युत महकमे की ओर से इस ओर कोई कदम नहीं उठाया जाता। किसान अक्सर नुकसान भुगतने को मजबूर होते हैं। इसे लेकर जनपद में पिछले तीन दिन में दो घटनाएं हो चुकी हैं, इसमें कई बीघा फसल जलकर रखा हो चुकी है, वहीं दूसरी ओर दो नीलगाय भी जलकर मर गई हैं।
पिछले छह सालों में हुईं आग की घटनाएं -
वर्ष
आग की संख्या
2020-
30 घटनाएं
2021-
83 घटनाएं
2022-
87 घटनाएं
2023-
44 घटनाएं
2024-
58 घटनाएं
2025-
48 घटनाएं
किसानों को रखनी होंगी ये सावधानियां
- खेतों में लगे ट्रांसफार्मर के आसपास से फसल को हटा दें, ताकि चिंगारी निकलने पर आग न लगे
- खेत व बुर्जी बिटोरा आदि के आसपास से गुजरने वाले विद्युत तार अगर ढीले हों तो उन्हें कसवाएं
- आग लगने पर उसे फैलने से रोकने के लिए चारों आरे से फसल को काट दें
- आग लगने के शुरुआती दौर में पेड़ों की हरी टहनियां तोड़कर पीटने से आग पर काबू पाया जा सकता है
- घर के चूूल्हे की आग को घूरे पर न डालें, बीड़ी आदि को बुझाकर ही फेंकें
- माचिस आदि को बच्चों की पहुंच से दूर रखें, आग से बच्चों को न खेलने दें
- आग लगने पर दमकल आने तक किसी गड्डे आदि में ट्यूबवैल आदि चलाकर पानी भर लें, ताकि आग बुझाने में आसानी हो
- आग लगने पर हेल्पलाइन नंबर 112 व हाथरस फायर कंट्रोल रूम 9454418491 पर कॉल करें।
हम किसानों, ग्रामीणों से अपील करते हैं कि वह इस समय सावधानी बरतें, क्योंकि इस समय खतों में फसल खड़ी है और हवाएं तेज चल रही हैं। ऐसे में आग लगने की सूचना तत्काल हमें दें। वहीं एहतियात के तौर दी जाने वाली सलाह का पालन करें, ताकि घटनाओं को रोका जा सके।
- आरके वाजपेयी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, हाथरस