संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
कम सुनाई देने और बहरेपन जैसी समस्याओं से बचाव के लिए लोगों को जागरूक करने के मकसद से बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर विश्व श्रवण दिवस मनाया गया। सीएचसी प्रभारी डॉ. दानवीर सिंह ने कहा कि शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज करने से बहरेपन की समस्या गंभीर रूप लेती जा रही है। उन्होंने कान में कभी नुकीली चीज न डालने, किसी के कान पर न मारने, कानों को तेज शोर से बचाने, कान में गंदा पानी नहीं आने देने के बारे में लोगों को जागरूक किया।
उन्होंने कहा कि आजकल की दौड़भाग वाली जिंदगी में ईयरफोन और हेडफोन का प्रयोग काफी बढ़ गया है। यह हमारे कानों को बहुत नुकसान पहुंचाते हैं, इसलिए जहां तक संभव हो सके, संगीत सुनते समय या कक्षाएं अटेंड करते समय इन दोनों की आवाज को कम ही रखा जाए। बहुत लंबे समय तक इनके इस्तेमाल से बचें। इस मौके पर एचईओ रविंद्र प्रताप सिंह, जुगेंद्र सिंह यादव, राघवेंद्र शर्मा, प्रेमपाल शर्मा, मनोज मिश्रा, वीरेंद्र शर्मा, वीरेंद्र सिंह यादव, अनीता पीटर, सुगंधा सागर, विष्णु वार्ष्णेय, शशिलता, संजय यादव, संगीता गौतम, हरेंद्र सिंह आदि थे।