फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hathras News: गर्मी में हिंसक हुए कुत्ते, एक दिन में 167 को काटा

Wed, 08 Jul 2026 02:31 AM IST
अलीगढ़ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस
विज्ञापन
शहर में घूमते कुत्ते। संवाद - फोटो : Samvad
विज्ञापन
भीषण गर्मी और उमस ने सिर्फ इंसानों को ही बेहाल नहीं किया है, बल्कि कुत्तों को भी हिंसक बना दिया है। बीते 24 घंटे के भीतर ही कुत्तों ने 167 लोगों को काटकर जख्मी कर दिया। जिला अस्पताल में 62 व सीएचसी-पीएचसी पर 105 लोग पहुंचे। इन सभी को एंटी रेबीज इंजेक्शन लगाया गया।
विज्ञापन

नगला बाद के शैलेंद्र सोमवार की शाम अपने पांच साल के बेटे परम को गोद लेकर जिला अस्पताल की इमरजेंसी पहुंचे। घर के बाहर कुत्ते ने अचानक बच्चे पर हमला कर दिया, जिससे वह जख्मी हो गया। मोहल्ला श्रीनगर में सात वर्ष के जैद व इगलास अड्डा पर 18 वर्षीय समीर पर कुत्तों ने हमला किया। ये तीनों ही मामले घर के बाहर के थे, जहां बच्चे खेल रहे थे। इन घटनाओं से लोगों में दहशत है। लोग अपने बच्चों को घरों से बाहर नहीं जाने दे रहे।
गर्मी में बढ़ रहे मामले

दिसंबर 2025 से फरवरी 2026 तक जिला अस्पताल में 3,963 एआरवी इंजेक्शन लगाए गए थे। गर्मियों की दस्तक के साथ ही कुत्तों द्वारा काटने के मामलों में इजाफा होने लगा। अप्रैल में करीब 1800 एआरवी इंजेक्शन लगाए गए। मई में 2571 तथा जून में 2881 लोग कुत्तों के शिकार हुए, जिन्हें इंजेक्शन दिया गया। जिला अस्पताल में जून में करीब चार हजार एआरवी इंजेक्शन प्रयोग हुए।
विज्ञापन




अस्पतालों में लगी कतारें
अचानक इतनी बड़ी संख्या में कुत्तों द्वारा काटने के मामले सामने आने से जिला अस्पताल में अफरातफरी मच गई।इमरजेंसी वार्ड से लेकर एआरवी काउंटर तक सुबह से ही पीड़ितों की लंबी कतारें देखी गईं। सादाबाद, सासनी और सिकंदराराऊ समेत ग्रामीण इलाकों के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी भीड़ रही।

गर्मी में हिंसक हो रहे हैं कुत्ते
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डाॅ. विजय सिंह यादव ने बताया कि अत्यधिक तापमान, पानी की कमी और उमस के कारण कुत्तों में हीट स्ट्रेस बढ़ जाता है। इस वजह से वे चिड़चिड़े और अधिक आक्रामक हो जाते हैं। जरा सी हलचल या किसी के पास से गुजरने पर भी वे हमला कर दे रहे हैं। प्रयास करें कि इनसे पर्याप्त दूरी बनाकर रखी जाए।





स्वास्थ्य विभाग का दावा : वैक्सीन का पर्याप्त स्टॉक

जिला अस्पताल के सीएमएस डाॅ. सूर्यप्रकाश ने बताया कि जिला अस्पताल और सभी प्रमुख केंद्रों पर एंटी-रेबीज वैक्सीन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। उन्होंने सलाह दी कि कुत्ते द्वारा काटने पर घाव को तुरंत साबुन और साफ पानी की धार से धोएं। 24 घंटे के अंदर चिकित्सक से संपर्क कर टीका लगवाएं। झाड़-फूंक या घरेलू नुस्खों के चक्कर में न पड़ें।








फाइलों से जमीन पर नहीं आया एबीसी सेंटर

सुप्रीम कोर्ट से स्पष्ट दिशा-निर्देश हैं कि स्थानीय निकाय कुत्तों की संख्या नियंत्रित करने के लिए एनिमल बर्थ कंट्रोल केंद्र संचालित करें। कुत्तों की नसबंदी सुनिश्चित करें, लेकिन हाथरस नगर पालिका और जिला प्रशासन के पास यह योजना केवल कागजों में हैं। नगर पालिका के पास कुत्तों की नसबंदी और उन्हें पकड़ने की कोई व्यवस्था नहीं है। एबीसी सेंटर बनना है और कैटल कैचर वैन खरीदी जानी है। प्रशिक्षित स्टॉफ की भी आवश्यकता है, लेकिन अभी धरातल पर कुछ नहीं है। एबीसी सेंटर के लिए जलेसर रोड स्थित सीवेज फार्म पर 15,625 वर्ग मीटर भूमि चिह्नित की गई है। प्रस्ताव के अनुसार यहां प्रतिदिन 25 कुत्तों की नसबंदी और 100 कुत्तों को रखने की व्यवस्था की जानी है। ईओ रोहित सिंह ने बताया कि इस दिशा में काम चल रहा है। जल्द प्रस्ताव पास कराकर काम शुरू कराया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें