वेबिनार में संवाद करते डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार।
- फोटो : HATHRAS
संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
मिशन शक्ति के तहत बुधवार को हक की बात में डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार के साथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं ने डीएम से वेबिनार एवं डेडिकेटेड फोन लाइन के माध्यम से संवाद किया। डीएम ने संबंधित विभागों को सभी प्रश्न एवं शिकायतों का तत्काल निस्तारण करने के लिए निर्देशित किया। पीड़ित महिलाओं को समय से त्वरित कार्रवाई करने के लिए आश्वस्त किया गया।
कार्यक्रम में महिलाओं ने डीएम को कई समस्याओं से अवगत कराया। सिकंदराराऊ क्षेत्र की महिला रंजना पुंढीर ने बच्चों की पढ़ाई के लिए आर्थिक समस्या के विषय में बताया। इसके निराकरण के लिए डीएम ने राइट टू एजुकेशन एक्ट के विषय में जानकारी दी। हर विद्यालय में 25 प्रतिशत आरक्षण इस श्रेणी में दिया जाता है। आदर्श विद्या निकेतन की छात्राओं ने सरकार द्वारा आत्मरक्षा के लिए दिए जा रहे प्रशिक्षण में भाग लेने की इच्छा जताई।
डीएम ने कहा कि आत्मरक्षा से संबंधित अनेक कार्यक्रम बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत कराए गए हैं। भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम कराने के लिए सहमति दी गई है। कक्षा 12 की छात्रा हिमानी वार्ष्णेय ने आर्थिक समस्याओं व शिक्षा की पहुंच को लेकर प्रशासन द्वारा दी रही मदद के विषय में पूछा। डीएम ने उन्हें बताया कि प्रशासनिक स्तर पर बागला कॉलेज में प्रतिवर्ष रोजगार मेले का आयोजन किया जाता है। पिछले वर्ष भी 1,650 युवाओं को रोजगार दिया गया।