फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सिकंदरपुर में आस्था को देख दंग रह गए डीएम

Thu, 07 Apr 2016 11:56 PM IST
ब्यूूूराे अमर उजाला हाथ्ारस
विज्ञापन
सिकंदरपुर में कुएं का निरीक्षण करते डीएम - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
कुएं के पानी से बीमारियां ठीक होने के दावे के बाद भीड़ उमड़ने के सिलसिले के बीच डीएम अविनाश कृष्ण सिंह गुरुवार को तहसील हाथरस के ग्राम सिकंदरपुर पहुंचे। डीएम ने गांव में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। मौके पर डीएम ने देखा कि व्यवस्थापकों ने कुएं तक भीड़ को पहुंचे से रोकने के लिए लोहे का जाल और रैलिंग भी लगवा रखे हैं। उन्होंने एसडीएम और सीओ से कहा कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रखे जाएं और यह भी सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी तरह यहां अव्यवस्था नहीं फैलने पाए। लोगों को जागरूकता के जरिए यहां से विमुख करने के प्रयास किए जाएं।
विज्ञापन


डीएम ने ग्रामीणों से भी वार्ता करके उन्हें समझाने की कोशिश की कि जांच रिपोर्ट ये साबित हो गया है कि कुएं के पानी में ऐसा कुछ नहीं है, जिससे बीमारियां ठीक हो सकें। लिहाजा किसी बहकावे में नहीं आएं। शहर से करीब दस किलोमीटर दूर जलेसर रोड स्थित गांव सिकंदरपुर में वर्षों से सूखे पडे़ कुएं में दो सप्ताह पूर्व अचानक पानी आ जाने से लोगों का तांता लगा हुआ है। डीएम ने दोपहर को एसडीएम सदर केहरी सिंह और सीओ सासनी सुधीर कुमार त्यागी के साथ गांव का दौरा कर स्थिति की जानकारी ली। बड़ी संख्या में लोग कुआं के जल से नहाते और बोतल, कैन, अन्य बर्तनों में कुआं का पानी भरकर अपने साथ ले जाते हुए दिखाई दिए।  

ग्राम प्रधान बनी सिंह ने बताया कि वर्षों से सूखे पडे़ कुआं में 21 मार्च को अचानक पानी आ जाने के कारण यह कुआं लोगों की आस्था का केंद्र बन गया है। कई प्रांतों से लोग यहां आकर कुएं के पानी से नहा रहे हैं और बोतल, कैन आदि में जल भरकर अपने साथ ले जा रहे हैं। डीएम ने कुआं और उसके आसपास के क्षेत्र का भ्रमण करके क्षेत्र में अनावश्यक भीड़ नहीं होने देने के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए और कहा कि सतर्कता बरतते हुए गांव में कानून एवं शांति व्यवस्था की स्थिति कायम रखने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।
विज्ञापन


मेला देखकर डीएम भी रह गए दंग
कुएं के पानी से नहाने के लिए सिकंदरपुर में उमड़ रही भीड़ को देखकर डीएम भी हैरान रह गए। वाहनों में भरकर और पैदल श्रद्धालुओं के जत्थे कुएं की तरफ जाते दिखाई दिए। जगह-जगह प्रसाद बेचने वालों के फड़ लगे हुए थे। चाट-पकौड़ी, खान-पान के सामान वालों की ढकेलें भी जगह-जगह लगी हुई हैं। कुल मिलाकर गांव में मेले सरीखा नजारा है। दिन भर यहां वाहनों और पैदल राहगीरों की मानव शृंखला बनी रहती है।

अब एफडीए की जांच रिपोर्ट का इंतजार
सिकंदरपुर के कुएं के पानी को लेकर लोगों में पनपे भ्रम को दूर करने के लिए अब प्रशासन को एफडीए द्वारा लिए गए पानी के नमूनों की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। प्रशासन का मानना है कि इस रिपोर्ट के बाद लोगों का भ्रम काफी हद तक दूर हो सकता है और सिकंदरपुर में भीड़ का जमावाड़ा रोका जा सकता है। डीएम ने एफडीए अधिकारियाें से कहा है कि वह जल्द से जल्द अपनी प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट मंगवाने का प्रयास करें।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें