हाथरस। कलेक्ट्रेट में शुक्रवार को निर्वाचन कार्य के लिए नियुक्त प्रभारी अधिकारी और सहायक प्रभारी अधिकारियों की आवश्यक बैठक हुई। इस बैठक में डीएम ने विधानसभा सामान्य निर्वाचन की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में 18 अधिकारियों की गैरहाजिरी पर डीएम खासे नाराज हुए। उन्होंने इन अधिकारियों का एक दिन का वेतन रोकने की कार्रवाई की है। डीएम ने इन गैरहाजिर अधिकारियों को चुनावी बैठक में इस तरह से गैरहाजिर रहने की पुनरावृत्ति पर विभागीय एवं लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है। डीएम ने सभी तहसीलों में की गई निर्वाचन संबंधी कार्यवाही की भी जानकारी ली।
इन 18 अधिकारियों का काटा एक दिन का वेतन
डीएम ने बैठक में गैरहाजिर रहने वाले एक्सईएन विद्युत खंड प्रथम गुलाब सिंह, एक्सईएन विद्युत सिकंदराराऊ महेश कुमार, एक्सईएन विद्युत खंड सादाबाद मुकेश कुमार, एक्सईएन जलनिगम राकेश कुमार शर्मा, खंड शिक्षा अधिकारी सहपऊ नंदित कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी सादाबाद जितेंद्र सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी सासनी अखिल कुमार यादव, खंड शिक्षा अधिकारी हाथरस जमुना प्रसाद, खंड शिक्षा अधिकारी मुरसान निशेश जार, एक्सईएन ग्रामीण अभियंत्रण विभाग विजय कुमार, वरिष्ठ अभियोजन अधिकारी मौ. इलियास, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी केजी सारस्वत, बीएसए रेखासुमन, ईओ नगर पालिका गुलशन सूरी, ईओ नगर पंचायत हसायन रमादुबे, ईओ नगर पंचायत पुरदिलनगर लल्लन यादव, ईओ नगर पंचायत मुरसान स्वदेश आर्य तथा ईओ नगर पंचायत सासनी लेखराज भारती के मामले को गंभीरता से लेकर इस स्थिति को आपत्तिजनक बताया और अनुपस्थित सभी अधिकारियों का अनुपस्थित दिवस का वेतन रोकने के लिए वरिष्ठ कोषाधिकारी को आदेश दिए।
प्रचार सामग्री न हटाने वालों को जारी हाेंगे नोटिस
बैठक में डीएम ने विधानसभा सामान्य निर्वाचन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने आदर्श आचार संहिता के अनुपालन के संबंध में सभी तहसीलों में की गई कार्यवाही की जानकारी की। सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि निश्चित समय में सरकारी भवनों/संपत्ति एवं सार्वजनिक स्थलों से होर्डिग, बैनर, पोस्टर ,दीवार लेखन आदि प्रचार सामग्री न हटवाने वाले और आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने वाले लोगों को नोटिस जारी कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
एपिक कार्ड की प्राप्ति पर कराएं हस्ताक्षर
डीएम ने मतदाताओं को समय से फोटोयुक्त मतदाता पहचान पत्र वितरण कराने के लिए सभी एसडीएम को निर्देश दिये और कहा कि मतदाताओं से फोटोयुक्त पहचानपत्र (एपिक कार्ड) की प्राप्ति के लिए रजिस्टर में उनके हस्ताक्षर अवश्य कराए जाएं।
दिव्यांग मतदाताओं की पोलिंग वार सूची बनाने के आदेश
डीएम ने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में सभी 1187 पोलिंग बूथ पर एश्योर्ड मिनिमम फैसिलिटी सुनिश्चित करने लिए अधिकारियों को कडे़ निर्देश दिए। उन्होंने चलने-फिरने में असमर्थ विकलांग मतदाताओं के द्वारा मतदान करने के लिए पोलिंग बूथवार सूची बनाने, व्हील चेयर की व्यवस्था तथा उन्हें घर से मतदान केंद्र तक वाहनों से लाने-ले जाने के लिए स्वयंसेवी संगठनों की मदद से वाहनों की व्यवस्था करने के बारे में अधिकारियों को निर्देश दिए।
लाइसेंसी हथियारों को थाने में जमा कराने के निर्देश
डीएम ने जिले में स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से निर्वाचन पूरा कराने पर जोर देते हुए शांति-व्यवस्था कायम रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा बंदोबस्त, लायसेंसी हथियारों का सत्यापन एवं उन्हें थाने में जमा कराने, आर्म्स दुकानों की चैकिंग और स्टाक सत्यापन आदि के बारे में प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के संबंध में अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।
वोटर फ्रेंडली इलेक्शन पर दिया जोर
डीएम नेे वोटर फ्रै डंली इलेक्शन पर जोर देते हुए कम्यूनिकेशन प्लान, बूथ इलेक्शन मैनेजमेंट प्लान आदि के बारे अधिकारियों से कार्यप्रगति की जानकारी की और समय से सभी व्यवस्थाओं को अंजाम देने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान के लिए मतदाताओं को जागरूक करने के लिए जिले में प्रभावी ढंग से स्वीप कार्यक्रम संचालित करने के बारे में जिला विद्यालय निरीक्षक को जरूरी निर्देश दिए।
तत्परता से ड्यूटी को अंजाम देने के आदेश
डीएम ने विधानसभा निर्वाचन के दृष्टिगत तैनात सहायक व्यय प्रेक्षक, लेखा टीम, वीडियो निगरानी टीम, वीडियो अवलोकन आदि के अधिकारियों से कार्यप्रगति के बारे में जानकारी ली और कहा कि आदर्श आचार संहिता लागू होने जाने को ध्यान में रखकर वह पूरी तत्परता से अपनी ड्यूटी को अंजाम दें। उन्होंने निर्वाचन के दृष्टिगत सभी सरकारी निरीक्षण भवनों, विभागीय वाहनों को दुरूस्त रखने के लिए विभागीय अधिकारियों को समुचित निर्देश दिए।
बैठक में यह थे मौजूद
बैठक में अपर जिलाधिकारी अली हसन कर्नी, मुख्य विकास अधिकारी जावेद अख्तर जैदी, परियोजना निदेशक चंद्रशेखर शुक्ला, एसडीएम राकेश कुमार गुप्ता, केहरी सिंह, अभिषेक कुमार सिंह, ओमवीर सिंह, प्रभारी अधिकारी कलक्ट्रेट जय प्रकाश, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी डा. राम प्रवेश, तहसीलदार, बीडीओ एवं अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद थे।
कैशलेस ट्रीटमेंट के लिए दिए निर्देश
हाथरस । जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में विधानसभा सामान्य निर्वाचन में ड्यूटी के दौरान सुरक्षा एवं मतदान कार्मिकाें को कैशलेस ट्रीटमेंट उपलब्ध कराए जाने के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिये हैं।