नवनिर्वाचित जिला पंचायत ओमवती यादव को शनिवार को जिला पंचायत कार्यालय में आयोजित समारोह में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। डीएम अमित कुमार सिंह ने ओमवती यादव को शपथ ग्रहण कराई। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के अलावा केवल अध्यक्ष पक्ष के जिला पंचायत सदस्य ही इस कार्यक्रम में शामिल हुए, जबकि विपक्ष के सदस्य गैरहाजिर रहे।
जिला पंचायत कार्यालय में शनिवार की सुबह से ही अच्छी-खासी गहमागहमी थी। सपा जिलाध्यक्ष ओमवती यादव के जिला पंचायत अध्यक्ष के तौर पर शपथ ग्रहण को देखते हुए बड़ी संख्या में सपा, रालोद और भाजपा के नेता जिला पंचायत पहुंच गए थे।
खुद ओमवती भी कई गाड़ियों के काफिले के साथ तय वक्त से पहले जिला पंचायत कार्यालय पहुंचीं। उनके साथ उनके पति एमएलसी जसवंत सिंह भी थे। डीएम अमित कुमार सिंह ने तय वक्त पर ओमवती को शपथ दिलाई। इस मौके पर उन्होंने प्रधानमंत्री का स्वच्छता संकल्प भी पढ़कर सुनाया और जिला पंचायत बोर्ड के सभी मौजूद सदस्यों को स्वच्छता का संकल्प भी कराया।
इसके बाद नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष ने अपने दफ्तर में पहुंचकर विधिवत रूप से कामकाज संभाल लिया। संचालन जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी हरमीक सिंह ने किया। करीब 19 साल बाद जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर गैर बसपाई प्रतिनिधि आसीन हुआ।
मौजूद सदस्यों ने अपने क्षेत्र की समस्याएं नई अध्यक्ष के सामने रखीं और इनका निराकरण कराने की मांग की। अध्यक्ष ने आश्वस्त किया कि जल्द ही बोर्ड की बैठक बुलाकर इन समस्याओं के निराकरण पर चर्चा की जाएगी।
इस मौके पर एसडीएम सदर अमिताभ यादव के अलावा सपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री रामजीलाल सुमन, पूर्व विधायक गेंदालाल चौधरी, जिला पंचायत सदस्य प्रदीप उर्फ गुड्डू चौधरी, मनोज यादव, बिजेंद्र सिंह, पंकज सिंह, सीमा देवी, निर्मला देवी, आशा देवी, सत्तो फौजी, सत्यपाल सेंगर, सूरजपाल सिंह आदि थे।