जिपं अध्यक्ष चुनाव के लिए पीठासीन, मतदान अधिकारी नामित
डीएम ने अन्य व्यवस्थाओं को लेकर खींचा खाका, 29 को होगा मतदान
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के उप निर्वाचन के मतदान को लेकर जिला प्रशासन की ओर से तैयारियां को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया गया है। जिला प्रशासन की ओर से मतदान प्रक्रिया को पूरी कराने के लिए पीठासीन अधिकारी और मतदान अधिकारी नामित कर दिए गए हैं। सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को अमलीजामा पहनाया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि जिला पंचायत अध्यक्ष पद के उपचुनाव के लिए मतदान 29 जुलाई को डीएम न्यायालय कक्ष में होना हैं। इस उपचुनाव में विनोद उपाध्याय और ओमवती यादव आमने-सामने हैं। इसे लेकर जिले का सियासी पारा भी हाई है। पिछले माह अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान कर ओमवती यादव को जिला पंचायत अध्यक्ष पद से हटाया गया था। अब मतदान प्रक्रिया को लेकर जिला प्रशासन की ओर से तैयारियों को तेज कर दिया गया है। डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार ने 29 जुलाई को जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर होने वाले मतदान के लिए डीआईओएस सुनील कुमार को पीठासीन अधिकारी और एसडीएम पेशकार प्रताप सिंह को मतदान अधिकारी नामित किया गया है।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस विभाग को भी पत्र जारी कर दिया गया है, ताकि मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भारी पुलिस फोर्स तैनात रहे। बेरीकेडिंग से लेकर प्रवेश द्वार आदि को बनाए जाने के लिए नक्शा तैयार किया जा रहा है।