यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए अब उत्तर पुस्तिकाओं के पहुंचाने का काम होगा। उत्तर पुस्तिकाएं प्राप्त करने के बाद उन्हें सुरक्षित कक्ष में सीसीटीवी की निगरानी में रखा जाएगा, जहां बिना अनुमति किसी भी व्यक्ति को प्रवेश न दिया जाएगा।
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाएं नजदीक आ रही हैं। इस लिए उत्तर पुस्तिकाओं के वितरण की प्रक्रिया भी जल्द शुरू की जा रही है। इसके लिए तहसीलवार तारीखें तय कर दी गईं हैं। हाथरस जिले के सभी 99 परीक्षा केंद्रों पर उत्तर पुस्तिकाएं पूरी सुरक्षा व्यवस्था के साथ पहुंचाई जाएंगी।
विज्ञापन
जिला प्रशासन द्वारा उत्तर पुस्तिकाओं के वितरण के लिए तहसीलवार अलग-अलग तिथियां निर्धारित की गई हैं। यह वितरण शहर स्थित अक्रूर इंटर कॉलेज से किया जाएगा। हाथरस तहसील के 33 परीक्षा केंद्रों के प्रधानाचार्य और केंद्र व्यवस्थापक 31 जनवरी एवं दो फरवरी को उत्तर पुस्तिकाएं उठाएंगे। वहीं सासनी तहसील के 11 परीक्षा केंद्रों के व्यवस्थापक तीन फरवरी को उत्तर पुस्तिकाएं प्राप्त करेंगे।
सादाबाद तहसील के 30 परीक्षा केंद्रों के व्यवस्थापक चार और पांच फरवरी को वितरण प्रक्रिया में शामिल होंगे। सिकंदराराऊ तहसील के 25 परीक्षा केंद्रों के लिए वितरण छह और सात फरवरी को होगा। इस वर्ष जिले में हाईस्कूल के 22,162 और इंटरमीडिएट के 22,208 परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे।
विज्ञापन
डीआईओएस संत प्रकाश ने बताया कि विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिए गए हैं कि उत्तर पुस्तिकाएं प्राप्त करने के बाद उन्हें सुरक्षित कक्ष में सीसीटीवी की निगरानी में रखा जाए। जहां बिना अनुमति किसी भी व्यक्ति को प्रवेश न दिया जाए।