ऐतिहासिक लक्खी मेला श्री दाऊजी महाराज में शनिवार रात झूले के टिकट के पैसे वापस मांगने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि झूला संचालक व ठेकेदार ने मारपीट करते हुए कांच के गिलास से सफाई सुपरवाइजर के भतीजे का सिर फोड़ दिया। गुस्साए सफाई कर्मचारियों ने मेला पंडाल में कूड़ा डालकर हंगामा किया। इमरजेंसी और कोतवाली सदर में भी कर्मचारियों ने विरोध जताया।
शहर के मोहल्ला कर्र निवासी अरुण निर्मल मेला में सफाई सुपरवाइजर हैं। शनिवार रात वह परिवार के साथ मेला देखने गए थे। रात करीब 11 बजे उन्होंने 180 रुपये में झूले के तीन टिकट खरीदे। झूले में तकनीकी खराबी आने पर लोगों ने रुपये वापस मांगे। इस दौरान हंगामा हो गया।
अरुण कुमार का आरोप है कि झूला संचालक ने ठेकेदार प्रत्यक्ष पंडित और ध्रुव को बुला लिया। उनके भतीजे जीते ने टिकटों के रुपये मांगे तो झूला संचालक ने देने से मना कर दिया। धक्का-मुक्की के विरोध पर प्रत्यक्ष और ध्रुव ने मारपीट की। आरोप है कि प्रत्यक्ष ने हाथ में लगे कोल्ड्रिंक के कांच के गिलास से जीते के सिर पर वार कर दिया। इससे उसका सिर फट गया और वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा।
घटना से मेला परिसर में खलबली मच गई। काफी संख्या में सफाई कर्मचारी झाड़ू लेकर मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, कर्मचारियों ने मेला पंडाल के रास्ते पर कूड़ा बिखेरकर विरोध जताया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया। घायल जीते को जिला अस्पताल लाया गया, जहां से उसे आगरा रेफर कर दिया गया।
एकत्रित कर्मचारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। रात में ही कोतवाली सदर पहुंचकर शिकायत की गई। अरुण का आरोप है कि झूला संचालक व ठेकेदार के लोगों ने मारपीट के साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। पुलिस ने प्रत्यक्ष, ध्रुव और उनके दो साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
सफाई कर्मचारियों का फूटा गुस्सा
घटना को लेकर नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों और यूनियनों में गुस्सा है। रविवार सुबह कर्मचारियों ने काम का बहिष्कार कर हड़ताल की घोषणा कर दी। सभी मेला परिसर में एकत्रित होकर पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। सफाई कर्मी मेला पंडाल में बैठे रहे। जानकारी पर तहसीलदार दोपहर में मेला परिसर पहुंचे और कर्मचारियों से बात की। अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन दिया।
- झूले की टिकट के रुपये वापस लेने को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें एक युवक घायल हुआ है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जांच की जा रही है। दोनों पक्षों से भी पूछताछ जारी है। जो तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। - हिमांशु माथुर, सीओ सिटी।
सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर
लक्खी मेला श्रीदाऊजी महाराज में झूले के विवाद के विरोध में सफाई कर्मचारियों के अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने से शहर की सफाई व्यवस्था ध्वस्त हो गई। घंटाघर, मोहनगंज, नजिहाई, गुड़हाई बाजार, मुरसान गेट, घासमंडी, चामड़ गेट और भूरापीर में कूड़े के ढेर लगे रहे। लावारिस पशु और आवारा कुत्ते कचरा फैलाते दिखे। धूप में कूड़े से उठी बदबू से राहगीर, दुकानदार और स्थानीय लोग परेशान रहे। संक्रामक बीमारियां फैलने का डर भी बना है।