एक युवती ने मंगलवार देर शाम कोतवाली में तहरीर देकर एक युवक समेत छह लोगों पर घर में घुसकर उसके और भाभी के साथ छेड़खानी करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद और मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
युवती ने तहरीर में बताया कि आठ सितंबर की शाम वह अपने घर में खाना बना रही थी। इस दौरान छह लोग जबरन घर में घुस आए। एकांत का फायदा उठाकर इन लोगों ने उसके और भाभी के साथ छेड़खानी शुरू कर दी। युवती के मुताबिक जब उसने शोर मचाया तो परिवार के लोगों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए।
घटना के बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दोनों पक्षों के कुछ लोग हाथों में लाठी-डंडे लेकर एक-दूसरे से भिड़ते नजर आ रहे हैं। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी विवाद का लग रहा है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आरोपों और विवाद की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। संवाद