मुरसान के जीएसएएस इंटर कॉलेज के खेल मैदान में मौजूद क्रिकेट का अभ्यास करने वाले युवक। संवाद
- फोटो : Samvad
कस्बे के जीएसएएस इंटर कॉलेज के खेल मैदान में बृहस्पतिवार रात क्रिकेट नेट लगाने को लेकर विवाद हो गया। क्रिकेट का अभ्यास करने वाले युवक मैदान के एक कोने में खंभे लगाकर नेट लगा रहे थे। इस दौरान कुछ लोगों ने वहां पहुंचकर जमीन पर दावा कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्य रुकवा दिया।
मौके पर पहुंचे ओम चौधरी, उनके भाई अत्ति, मां विमला देवी और पिता नेत्रपाल सिंह ने जमीन के उस हिस्से को अपनी बताते हुए विमला देवी के नाम होने का दावा किया और नेट लगाने का विरोध किया। इसके बाद खिलाड़ियों ने विद्यालय के प्रधानाचार्य और एसडीएम सदर से शिकायत की। शुक्रवार शाम खिलाड़ी एसडीएम सदर का इंतजार करते रहे, लेकिन वे मौके पर नहीं पहुंच सके।
खिलाड़ियों ने बताया कि विद्यालय के पास इस मैदान के अलावा करीब 30 बीघा जमीन भी उपलब्ध है। उन्होंने प्रशासन से उस जमीन पर खेल मैदान विकसित करने की पहल करने का आग्रह किया। एसडीएम सदर राजबहादुर सिंह का कहना है कि शनिवार को मौके पर पहुंचकर वह मामले को देखेंगे। खेल मैदान को कोई अगर अपना बता बता रहा है और अनावश्यक परेशानी खड़ी कर रहा है तो उसके खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी। विमलेश देवी का कहना है कि यह जमीन उन्होंने करीब 16 वर्ष पहले खरीदी है। इसकी मेड़बंदी के लिए न्यायालय में मामला विचाराधीन है। कुछ लोग उनकी जमीन पर कब्जा कर रहे थे। इस कारण पुलिस बुलाई गई थी और कार्य को रुकवा दिया है।