संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
शहर के एक खाद्य तेल के कारोबारी की नयागंज स्थित फर्म व गोदाम पर ओसी कलेक्ट्रेट के नेतृत्व में नमूना लेने की कार्रवाई की गई। टीम में अभिहित अधिकारी देवाशीष उपाध्याय, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी हरेंद्र सिंह सहित कई अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे। जानकारी मिलने पर वहां अन्य व्यापारी भी पहुुंच गए और वहां इन व्यापारियों ने इस कार्रवाई का तीव्र विरोध किया। व्यापारियों ने इसे बदले की कार्रवाई बताया। इस दौरान वहां नोकझोंक और हंगामा भी हुआ।
दरअसल, करीब एक महीने पहले मुख्य खाद्य अधिकारी हरेंद्र सिंह के खिलाफ खाद्य तेल कारोबारी कन्हैया वार्ष्णेय ने भ्रष्टाचार की शिकायत की थी। इसकी जांच अपर आयुक्त खाद्य द्वारा की जा रही है। बुधवार को जब ओसी कलेक्ट्रेट, अभिहित अधिकारी और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दलबल सहित कन्हैया वार्ष्णेय के नयागंज स्थित गोदाम पर पहुंचे तो वार्ष्णेय ने वहां व्यापारी नेताओं को फर्म पर बुला लिया। सभी व्यापारियों ने इस टीम के साथ मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी हरेंद्र सिंह के होने पर आपत्ति जताई और कहा कि खाद्य सुरक्षा विभाग बदले की भावना से यह कार्रवाई कर रहा है।
जब ओसी कलेक्ट्रेट ने अधिकारी को फटकारा
नमूने लेने की कार्रवाई का आधिकारिक लेटर देने में खाद्य विभाग के एक अधिकारी द्वारा यह लिखा गया कि नमूने का विरोध किया गया। इस पर व्यापारियों ने काफी नाराजगी जाहिर की। तब ओसी कलेक्ट्रेट ने उस अधिकारी को फटकारा और कहा कि गलत कार्रवाई क्यों कर रहे हो। जब व्यापारी ने किसी चीज के लिए मना नहीं किया है। इस पर अधिकारी ने कार्रवाई पत्र पर लिखा कि मैंने यह गलत लिख दिया है, मेरे से गलती हो गई है।
डराने, धमकाने के लिए की गई कार्रवाई
व्यापारी नेता राजीव वार्ष्णेय ने कहा कि कन्हैया वार्ष्णेय के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। बदले की भावना से यह कार्रवाइ की जा रही है। जबकि कन्हैया के यहां कहीं भी किसी तरह का कोई गलत व्यापार नहीं किया जाता। उन्होंने आरोप लगाया कि व्यापारियों को डराने और धमकाने के लिए इनके द्वारा यह कार्रवाई की जा रही है, ताकि कोई भी व्यापारी भ्रष्ट अधिकारियों की शिकायत न कर पाए।
- जितने भी खाद्य तेल निर्माता, मैन्युफेक्चरर हैं, उनके खिलाफ अभियान चल रहा है। उन्होंने बताया कि जिन मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी की शिकायत हुई थी, वह भी टीम में शामिल हैं। एसडीएम (ओसी कलक्ट्रेट) के नेतृत्व में यह कार्रवाई चल रही है। अभिहित अधिकारी ने बताया कि टीम में मैं हूं और को प्रभारी के रूप में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी हरेंद्र सिंह शामिल हैं। उन्होंने बताया कि हरेंद्र सिंह के खिलाफ जांच चल रही है। यह पूछने पर कि हरेंद्र सिंह के खिलाफ क्या कार्रवाई हुई है तो इस पर उन्होंने कहा यह तो जांच अधिकारी बता सकते हैं।
-देवाशीष उपाध्याय, अभिहित अधिकारी