हाथरस। भाई दूज पर बुधवार की सुबह हाथरस डिपो की कार्यशाला में चालकों और जूनियर फोरमैन के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि आक्रोशित चालकों ने बसों का संचालन पूरी तरह ठप कर दिया। सुबह करीब साढ़े आठ बजे से दोपहर साढ़े बारह बजे तक पूरे चार घंटे तक एक भी बस कार्यशाला से बाहर नहीं निकली।
त्योहार के दिन डिपो से बसों का पहिया थम जाने से शहर के बस स्टैंड पर हजारों यात्री बसों के इंतजार में परेशान नजर आए। विवाद की शुरुआत उस वक्त हुई जब एक चालक अपनी बस का मेंटेनेंस चेक कराने कार्यशाला पहुंचा। आरोप है कि जूनियर फोरमैन ने डीजल औसत कम आने की बात कहकर चालक के साथ गाली-गलौज की और बस की चाबी छीन ली।
इससे गुस्साए कई चालक कार्यशाला परिसर में लामबंद हो गए और काम बंद कर धरने पर बैठ गए। चालकों का आरोप था कि कार्यशाला में ब्रेक, टायर और स्टीयरिंग जैसी तकनीकी खामियों को सुधारे बिना ही बसों को जबरन रूट पर ले जाने का दबाव बनाया जाता है। मेंटेनेंस न होने से गाड़ियों का माइलेज गिरता है, जिसका खामियाजा चालकों को अपनी जेब से वेतन कटवाकर भुगतना पड़ता है।
कार्यशाला में हंगामे की सूचना पर स्टेशन प्रभारी, डिपो प्रभारी सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने चालकों को समझाया और निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद दोपहर करीब साढ़े बारह बजे मामला शांत हुआ और बसों को मार्गाें पर रवाना किया जा सका।
चालकों का पक्षमैं सुबह बस लेकर आया था और कार्यशाला में गाड़ी चेक करा रहा था। इस पर जूनियर फोरमैन ने पूछा कि डीजल का औसत क्या आया, मैंने बताया कि साहब पांच का आया है। इतना सुनते ही फोरमैन भड़क गए और अभद्र गालियां देते हुए बोले कि गाड़ी यहीं खड़ी कर दो। उन्होंने बस की चाबी निकाल ली और कहा कि किसी से भी कह दो, मैं किसी को गाड़ी नहीं दूंगा।
-शशिपाल सिंह, चालक।
फोरमैन आए-दिन चालकों और परिचालकों के साथ गाली-गलौज करते हैं। यहां काम बिल्कुल नहीं कराया जाता। मेरी बस संख्या 0472 में आगे और पीछे के ब्रेक शू तक घिसे हुए थे, ब्रेक नहीं लग रहे थे। मैंने खुद नीचे उतरकर देखा और मिस्त्री को दिखाया। इसके बावजूद सिर्फ दो लेदर डालकर आधी-अधूरी स्थिति में गाड़ी रूट पर भेजने का दबाव बनाया गया।
-योगेश कुमार, चालक।
बसों में ब्रेक नहीं हैं, टायरों की हालत खस्ता है और कई गाड़ियों का स्टीयरिंग चलते समय हिलता है। जब हम काम कराने की कहते हैं तो कहते हैं जैसी है, वैसी ही चलाओ। अगर चलते रूट पर टायर फट जाए या स्टीयरिंग जाम हो जाए, तो बड़ा हादसा होगा और उसकी जिम्मेदारी चालक पर डाल दी जाएगी। डीजल औसत गिरता है तो उसकी भरपाई भी चालक से की जाती है।
-सुनील कुमार, चालक।
फोरमैन लगातार चालकों को प्रताड़ित करते हैं। गाड़ियां पौने छह और 5.92 का डीजल औसत दे रही हैं, फिर भी दबाव बनाते हैं कि छह का पूरा एवरेज लेकर आओ। जब वास्तविक परिस्थितियों में इतना माइलेज नहीं आता, तो वे गाली देते हैं और धमकी देते हैं कि ड्यूटी से हटा दूंगा या बस छीन लूंगा। इसी बात से चालकों में नाराजगी थी।
-मानेंद्र प्रताप सिंह, चालक।
चालकों व जूनियर फोरमैन के बीच विवाद हुआ है। हम लोगों ने काफी समझा-बुझाकर चालकों को बसों पर भेजा है। चालकों द्वारा जो आरोप लगाए गए है, उसकी जानकारी आरएम अलीगढ़ को दे गई है, उनके स्तर से ही जांच कराई जाएगी या कार्रवाई की जाएगी।
-मंगेश कुमार, हाथरस डिपो प्रभारी।