खंदारीगढ़ी में समस्याओं को लेकर प्रदर्शन करते स्थानीय लोग।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो हाथरस
हाथरस। मोहल्ला खंदारी गढ़ी में गंदगी, जलभराव, पेयजल आपूर्ति और शौचालय की समस्या को लेकर गुरुवार की सुबह स्थानीय लोगों का पारा हाई हो गया। लोगों ने साफ चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो चेयरमैन आवास और नगर पालिका का घेराव किया जाएगा। खंदारी गढ़ी में पिछले काफी समय से नालियों की सफाई न होने से जलभराव की समस्या बनी हुई है। कूड़े के जगह-जगह ढेर लगे हुए हैं।
लोगों का यह भी कहना था कि क्षेत्र में सामूहिक शौचालय बने तो बने हुए हैं, लेकिन उनकी कोई देखरेख नहीं है। सीटें टूटी हुई हैं। शौचालयों पर दरवाजे नहीं हैं। गंदगी भी रहती है। मजबूरी में लोगों को खुले में शौच जाना पड़ रहा है। पेयजल आपूर्ति की समस्या बनी हुई है। क्षेत्र में लगे कई हैंडपंप खराब पड़े हैं। इन समस्याओं को लेकर नगर पालिका प्रशासन को कई बार अवगत कराया गया है, लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। लोगों ने नगर पालिका के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए और एक सप्ताह में समस्या का समाधान कराए जाने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में दीपक, प्रताप सिंह, विशाल, मोनू, ललित, अर्जुन सिंह, बांके लाल, शंकर लाल, भीमसैन, रघुवीर, रवि, राकेश, भोलू सहित काफी लोग शामिल थे।