संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में बनाए गए परीक्षा केंद्रों के व्यवस्थापकों के साथ डीआईओएस ने बैठक की। इसमें 10 सूत्री एजेंडे पर मंथन किया गया। इस मौके पर नकल विहीन व शांतिपूर्ण तरीके से शासन के निर्देशों का पालन करते हुए परीक्षा कराने पर जोर दिया गया। गौरतलब है कि 24 अप्रैल से यूपी बोर्ड की परीक्षा शुरू होनी है। इसे लेकर विभागीय तैयारियां जोर पकड़ रही हैं। जिले में 92 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा करने के लिए डीआईओएस ऋतु गोयल ने बृहस्पतिवार को केंद्र व्यवस्थापकों के साथ बैठक की।
इसमें वायस रिकॉर्डर सहित सीसीटीवी कैमरे, पेयजल, बिजली व्यवस्था, परीक्षा संबंधी सूचनाओं को ऑनलाइन किए जाने, कक्ष निरीक्षकों की सूची प्राप्त कराया जाना, प्रश्नपत्र एवं उत्तरपुस्तिकाओं के लिए स्ट्रांग रूम की व्यवस्था, गृह परीक्षा, कंप्यूटर ऑपरेटर की व्यवस्था, डीवीआर कोड, दिव्यांग परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा केंद्र पर रैंप की व्यवस्था आदि बातों पर विस्तार से चर्चा की गई। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की तुरंत सूचना देने पर जोर दिया गया।
अन्य बिंदुओं पर भी चर्चा की गई। संचालन प्रधानाचार्य रामबाबू सिंह और डॉ. प्रीतिका शर्मा ने संयुक्त रूप से किया। बोर्ड परीक्षा के नियमों के बारे में केंद्र व्यवस्थापकों को विस्तार से जानकारी दी गई। बैठक में योगेश कुमार, योगेंद्र सिंह, विमला भारत, रेखा सिंह, डॉ. मुकेश कुमार, सत्यभान गुप्ता, रामनिवास दुबे, राजेश कुमार शुक्ला आदि मौजूद रहे।