मथुरा-बरेली राष्ट्रीय राजमार्ग का शहरी क्षेत्र। संवाद
- फोटो : Samvad
शहरवासियों को जाम और संकरी सड़क से राहत दिलाने की तैयारी हो रही है। इसके लिए शहर से गुजरने वाले पुराने मथुरा-बरेली मार्ग को सात से बढ़ाकर 10 मीटर तक चौड़ा किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग नई कार्य योजना में इसका प्रस्ताव तैयार कर रहा है।
मथुरा-बरेली हाईवे बाईपास बनने के बाद शहरी क्षेत्र की पुरानी सड़क को दोबारा लोक निर्माण विभाग को स्थानांतरित कर दिया गया है। अब विभाग इस मार्ग को आधुनिक जरूरतों के अनुसार विकसित करने की योजना बना रहा है।
प्रस्ताव के तहत करीब 26 किलोमीटर लंबे इस मार्ग की चौड़ाई सात से बढ़ाकर 10 मीटर किया जाएगा। योजना के अनुसार वाहनपुर से कंचना फाटक तक सड़क चौड़ी की जाएगी, जिससे शहर आने-जाने वाले वाहनों की आवाजाही सुगम हो सकेगी। जाम की समस्या कम होगी।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता संजीव कुमार वर्मा के अनुसार प्रस्ताव को अंतिम रूप देने के लिए तकनीकी प्रक्रिया जारी है। इसे नई कार्य योजना में शामिल किया जाएगा। स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।