मुरसान सीएचसी का निरीक्षण करते सीएमओ। संवाद
- फोटो : Samvad
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का बृहस्पतिवार की दोपहर को मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ.मंजीत सिंह व अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ.नरेश कुमार ने निरीक्षण किया। उन्हें दंत सर्जन डाॅ. मितांशी सिंह और नेत्र परीक्षण अधिकारी 13 सितंबर से अनुपस्थित मिले। प्रभारी चिकित्साधिकारी ने बताया कि वह आकस्मिक अवकाश पर हैं। उन्होंने नेत्र परीक्षण अधिकारी ननकेश के बुधवार व बृहस्पतिवार को अनुपस्थित रहने पर उनके वेतन के आहरण पर रोक लगाने के निर्देश दिए।
ननकेश को निर्देशित किया गया है कि मार्च से सितंबर तक उनके द्वारा किए गए कार्य का संपूर्ण रिकाॅर्ड मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय में स्वयं उपस्थित होकर प्रस्तुत करें। निरीक्षण में अधिकारियों को सीएचसी की सफाई व्यवस्था संतोषजनक मिली। आयुष्मान मित्र चंद्रभान सिंह से आयुष्मान लाभार्थियों के बारे में जानकारी ली।
प्रभारी चिकित्साधिकारी को आयुष्मान कार्ड वितरण का शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के लिए आशा कार्यकर्ताओं को क्षेत्रवार सूची देने के निर्देश दिए, ताकि वह क्षेत्र में भ्रमण कर आयुष्मान कार्ड बना सकें। माह सितंबर में आयुष्मान योजना के तहत 11 लाभार्थियों को भर्ती कराया जा चुका है। प्रभारी चिकित्साधिकारी को आयुष्मान वार्ड में एसी लगवाने के लिए निर्देशित किया गया।
गौरतलब है कि अमर उजाला ने बृहस्पतिवार के अंक में सीएचसी की अव्यवस्थाओं को लेकर खबर प्रकाशित की थी। इसके बाद अधिकारी सीएचसी पर निरीक्षण करने पहुंचे।