डेंगू संभावित बुखार के तीन रोगियों को किया गया रेफर
तीन में से दो रोगी कछपुरा गांव के ही हैं रहने वाले
तीसरे 13 साल के बच्चे की प्लेटलेट्स रह गईं हैं 10 हजार, नाक से आ रहा है खून
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। जिला अस्पताल में भर्ती तीन बुखार के गंभीर रोगियों को डेंगू की संभावना जताते हुए अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। इन तीनों मरीजों की प्लेटलेट्स 20 हजार से काफी कम हैं। एक बच्चे की नाक से तो खून आना शुरू हो गया है।
चंदपा कछपुरा निवासी सुरेंद्र सिंह पुत्र मोहनलाल को तीन दिन से बुखार आ रहा है। शनिवार को उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जांच में प्लेटलेट्स 17 हजार आई हैं। यहीं के रहने वाले भूरी सिंह पुत्र हरिओम को 28 अक्तूबर को बुखार आया था। तीन दिन पहले उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उसकी हालत में सुधार होना तो दूर, अब तो उसके प्लेटलेट्स मात्र 10 हजार रह गई हैं।
रहना निवासी नेत्रपाल के 13 साल के बेटे सुमित की प्लेटलेट्स 19 हजार हैं। उसे जिला अस्पताल में भर्ती हुए सात दिन हो गए, लेकिन उसकी भी हालत में कोई सुधार नहीं है। उसे नाक से खून आने लगा है। इन तीनों रोगियों को डेंगू की संभावना जताते हुए रविवार को गंभीर हालत में अलीगढ़ रेफर कर किया गया। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में तैनात डॉ. संतोष कुमार गुप्ता ने बताया कि तीन रोगियों को गंभीर हालत में अलीगढ़ रेफर किया गया है, क्योंकि उनमें से एक रोगी प्लेटलेट्स 10 हजार, दूसरे की 17 हजार और तीसरे की 19 हजार रह गई हैं। उनमें डेंगू की संभावना हो सकती है, इसलिए उन्हें अलीगढ़ रेफर किया गया है, ताकि वहां पर उनकी जांच हो सके।