सादाबाद में विनोबा नगर चौराहे पर अतिक्रमण हटवाती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
सादाबाद। पुलिस ने दूसरे दिन भी ढकेल, फड़ आदि लगाकर अस्थायी रूप से किए गए अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। अभियान में मुरसान रोड, बिनोवा नगर चौराहा, मथुरा अड्डा आदि में सड़क किनारे लगी ढकेलों, फड़ों को हटवाया। कई जगह से अतिक्रमण की जद में आ रहे सामान को भी पुलिस ने जब्त कर लिया। सख्त चेतावनी दी गई यदि फिर से सड़क या फुटपाथ पर अतिक्रमण किया तो कार्रवाई की जाएगी।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार राठी ने पिछले दो दिन से सड़कों को घेरकर जाम की समस्या उत्पन्न करने वालों के खिलाफ अभियान छेड़ रखा है। आलू की ट्रैक्ट्रर-ट्रॉलियों के निकलने से जाम की समस्या गंभीर न हो, इसके लिए पूर्व इंतजाम किए जा रहे हैं। रविवार को भी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने कस्बा इंचार्ज सतीशचंद्र के साथ मथुरा अड्डा, मुरसान रोड और विनोबा नगर चौराहे से अस्थायी अतिक्रमण को साफ कराया।
चेतावनी दी कि यदि फिर से अतिक्रमण किया तो कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पहले दिन चेतावनी के बाद अतिक्रमण करने वाले कुछ अतिक्रमणकारियों का सामान भी जब्त कर लिया गया। फुटपाथों पर दुकान लगाकर सामान बेच रहे दुकानदारों को भी हड़काया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि अतिक्रमण के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा।