संवाद न्यूज एजेंसी, सिकंदराराऊ।
कोतवाली क्षेत्र के गांव गिरधरपुर कचौरा में मनीष कुमार (30) की संदिग्धावस्था में मौत हो गई। परिजनों ने शराब में जहर मिलाकर मारने का आरोप लगाया है। मामले में मृतक के पिता ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी है। पुलिस ने शव को पीएम के लिये भेजा है।
गांव गिरधरपुर कचौरा निवासी फूल सिंह ने बताया कि गांव के ही जनक सिंह, चंद्रपाल पुत्र फूल सिंह, ज्ञान सिंह पुत्र जनक सिंह, भीकम सिंह पुत्र देवी सिंह से पुरानी रंजिश चल रही है। जिसके कारण वह गांव में न रहकर अपने दामाद के यहां मारहरा एटा में रह रहा है। पुरानी रंजिश के चलते 26 अक्तूबर को नामजदों ने उसके पुत्र के साथ मारपीट कर दी।
27 अक्तूबर को पुत्र मनीष ने मोबाइल पर सूचना दी कि नामजदों ने उसके साथ मारपीट की है और शराब में नशीला पदार्थ मिलाया है। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
कोतवाल अशोक कुमार सिंह का कहना है कि पहले मृतक के पिता ने सूचना दी थी कि उसके बेटे की अत्याधिक शराब पीने से मौत हो गई है। उसके बाद उसने चार को नामजद कराते हुए तहरीर दी है। पोस्टमार्टम में मृत्यु का कारण स्पष्ट न होने के कारण बिसरा जांच के लिए सुरक्षित कर लिया गया है। अब बिसरा की रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इधर, पोस्टमार्टम के बाद जब शव को गांव ले जाया जा रहा था तब कुछ लोगों ने शव को पंत चौराहे रोक लिया। उसके बाद कोतवाली के सामने शव की गाड़ी रोकी। जब तक पुलिस कोतवाली के बाहर आती उससे शव को गांव के लिए ले जाया गया।