कोतवाली सिकंदराराऊ क्षेत्र के गांव मुगलगढ़ी के पास रविवार की रात को एक युवक का शव खून से लतपथ हालत में सड़क पर मिला। परिजनों ने कुछ नामजदों पर हत्या कर शव सड़क पर फेंकने का आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
गांव बरई शाहपुर निवासी तूफान सिंह पुत्र तिलक सिंह की रविवार शाम को घर से किसी काम से निकले थे। रात को क्षेत्र के गांव मुगलगढ़ी के पास उनका शव खून से लतपथ सड़क पर पड़ा मिला। राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस की दी। जानकारी होने पर परिजन व पुलिस मौके पहुंच गई। परिजनों का आरोप है कि युवक की हत्या की गई है। इसे दुर्घटना दिखाया जा रहा है। काफी देर तक परिजनों ने सड़क से शव को उठने नहीं दिया। बाद में पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता तिलक सिंह पुत्र भूप सिंह ने तहरीर देते हुए कहा कि रंजिश के चलते कुछ नामजद लोगों ने मेरे बेटे की है। मामले में सीओ श्यामवीर सिंह ने बताया है कि युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मृतक युवक के परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर मामले की छानबीन की जा रही है।