सीओ ने आशंका जताई कि युवक शराब पीने के बाद ट्रेन की चपेट में आया। यह भी आशंका है कि शराब पीने के दौरान उसके साथ अन्य लोग रहे हों और उन्होंने ही घटना को अंजाम दिया हो।
पूर्वोत्तर रेलवे ट्रैक पर 1 अगस्त की सुबह एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिला। पुलिस को ट्रैक के पास एक बाइक भी खड़ी मिली, जिस पर पुलिस लिखा था। पुलिस की छानबीन में सामने आया कि यह बाइक चार साल पहले मथुरा के छाता से चोरी हुई थी।
विज्ञापन
सीओ सिटी हिमांशु माथुर ने बताया कि युवक की उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है। ट्रेन की चपेट में आने से मौत होने की आशंका है। शनिवार की सुबह करीब सात बजे रेलवे के प्वाइंट मैन ने शव देखा, और जीआरपी सहित कोतवाली हाथरस गेट को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की। शव हतीसा उद्यान विभाग से आगे पेट्रोल पंप के सामने झाड़ियों में पड़ा था। बाइक के पास शराब का पौवा, पानी और गुटका के पाउच भी मिले।
शराब के नशे में ट्रेन की चपेट में आने की आशंका
सीओ ने आशंका जताई कि युवक शराब पीने के बाद ट्रेन की चपेट में आया। यह भी आशंका है कि शराब पीने के दौरान उसके साथ अन्य लोग रहे हों और उन्होंने ही घटना को अंजाम दिया हो। बाइक पर नंबर नहीं था, जिसके इंजन नंबर से मालिक का पता चला। मालिक ने बताया कि वह छाता जिला मथुरा का निवासी है और उसकी बाइक चार साल पहले चोरी हुई थी। बाइक के शॉकर पर मुरसान के मिस्त्री की चिट भी मिली है। पुलिस इन सभी पहलुओं से जांच कर रही है।