डीसीएम ने बाइक सवार को मारी टक्कर, गंभीर घायल
दो बाइकों की भिड़ंत में दो युवक हुए घायल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोग घायल हो गए। कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के सलेमपुर के निकट एक डीसीएम ने एटा निवासी बाइक सवार युवक में टक्कर मार दी। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे गंभीर हालत में रेफर कर दिया गया। वही मुरसान के पैंठ गांव के निकट बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत में दो युवक घायल हो गए।
एटा जनपद के गांव जिरसमी निवासी निर्देश पुत्र वीरेश कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव जैतपुर में अपनी बहन के यहां आया हुआ था। रविवार की देर शाम को वह सलेमपुर से बाइक पर सवार हो सब्जी खरीदने के लिए आया। इसी बीच सिकंदराराऊ की ओर से आने वाली डीसीएम ने बाइक सवार निर्देश को टक्कर मार दी। जिससे वह बुरी तरह से जख्मी हो गया। मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ लग गई और घायल को आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से उसे गंभीर हालत में अलीगढ़ रेफर किया गया।
दूसरा सड़क हादसा मुरसान क्षेत्र के पेंठ गांव के निकट हुआ। जिसमें विष्णु पुत्र गोरेलाल और नेपाली पुत्र शोभाराम निवासी पेंठ गांव घायल हो गए। दोनों को परिवार के लोगों ने घायल अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया।