हाथरस: कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक करते डीएम।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव एवं सेल्टर हाउस में क्वारंटीन किए गए व्यक्तियों के स्वास्थ्य परीक्षण आदि के संबंध में डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार ने कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने इस मौके पर विभिन्न बिंदुओं पर अधिकारियों को निर्देशित किया।
बैठक के दौरान डीएम ने कहा कि बाहर से आए हुए लोगों एवं संदिग्ध व्यक्तियों को सेल्टर हाउस पर 14 दिनों तक अवश्य रखें। 14 दिनों के पश्चात सेल्टर हाउस पर क्वारंटीन किए गए व्यक्तियों का स्वास्थ्य परीक्षण करने पर ठीक पाए जाने के बाद ही डिस्चार्ज करें। उन्होंने कहा कि सेल्टर हाउस में व्यक्ति के भर्ती करने का दिनांक, पूरा पता, पूर्ण विवरण तथा मोबाइल नंबर सहित पंजिका पर अवश्य दर्ज कर लें साथ ही डिस्चार्ज करने की दिनांक भी पंजिका में दर्ज करें।डीएम ने डीएसओ को निर्देश दिए कि राशन वितरण के संबंध में कोई भी शिकायत प्राप्त नहीं होनी चाहिए।
डीआईओएस को निर्देश देते हुए कहा कि स्कूल के प्रधानाचार्यों को नोडल बनाते हुए राशन वितरण की शिकायतों की जांच कराई जाए तथा राशन का वितरण उनके ही सामने किया जाये। उन्होंने कहा कि यदि राशन मिलने के बाद भी कोई व्यक्ति गलत सूचना देता है तो उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान यदि खाने की गुणवत्ता ठीक नहीं पाई गई तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।डीएम ने एएसपी को निर्देश दिए कि जनपद की सीमाओं पर बैरियर लगाकर सघन चेकिंग करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सुनिश्चित करें कि किसी भी सूरत में किसी अन्य जनपदों के व्यक्ति बिना अनुमति के जनपद हाथरस की सीमाओं में प्रवेश न करे। जो भी व्यक्ति नियमों का उल्लंघन करते हुए पाए जाएं उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही करना सुनिश्चित करें। डीएम ने जनपद में लक्ष्य के सापेक्ष गेहूं की खरीद करने हेतु समस्त उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखते हुए अधिक से अधिक गेहूं की खरीद कराएं।