नगर के मोहल्ला नौरंगाबाद पश्चिमी में बुधवार की शाम करीब चार बजे घर में काम करते समय पाइप से गैस रिसाव के चलते सिलिंडर में आग लग गई। आग से घरेलू सामान के अलावा करीब साढ़े तीन लाख रुपये की नकदी भी जलकर राख हो गई, जबकि पिता-पुत्री गंभीर रूप से झुलस गई।
पास की ही गैस एजेंसी से फायर एग्सींग्यूसर मंगवाकर आग बुझाई गई और झुलसे लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया। शायरा पत्नी इकबाल की पुत्री इमराना की शादी मोहल्ला नौखेल से तय हुई थी। अगले महीने शादी होनी है। बुधवार को लड़का पक्ष के लोग रिश्ता पक्का करने आए थे। घर में शाम से कार्यक्रम चल रहा था, रिश्तेदारों के लिए खाना बनाया जा रहा था। इस दौरान अचानक गैस सिलिंडर का पाइप लीक होने के कारण उसमें आग लग गई, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई।
मौके पर मौजूद शायरा और उनके पिता मोहम्मद सलाम की चीख-पुकार सुनकर काफी लोग एकत्रित हो गए। इन लोगों ने पानी और बालू डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग नहीं बुझी। उसके बाद मोहल्ले के लोग स्थानीय गैस एजेंसी पर पहुंचे। वहां से फायर एग्सींग्यूसर लाने के बाद उनकी मदद से आग पर काबू पाया गया। आग से शायरा और मोहम्मद सलाम बुरी तरह झुलस गए। उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाया गया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद अलीगढ़ रेफर कर दिया।
बेटी के दहेज का सामान जलकर राख
बता दें कि शायरा ने बेटी इमराना की शादी के दहेज के लिए फ्रिज, वॉशिंग मशीन, कपड़े, बर्तन व अन्य सामान खरीदकर घर में रखा गया था। इसके अलावा करीब साढ़े तीन लाख रुपये की नकदी भी घर में रखी थी। आग से यह सभी जलकर राख हो गए।
बेटियों ने कढ़ाई कर कमाए थे रुपये
शायरा की दो बेटियों इमराना और सहाना ने दिन-रात कपड़ों पर कढ़ाई कर रुपये जमा किए थे। उनकी कमाई से ही उनका घर चलता था। इन्हीं रुपयों से दहेज का सामान इकट्ठा किया गया था।