हाथरस जिला बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अजय कुमार भारद्वाज से साइबर ठग ने पुलिस अधिकारी बनकर ऑनलाइन ठगी करने की कोशिश की। साइबर ठग ने खुद को पुलिस में उपनिरीक्षक बताकर उनसे एक लाख रुपये की मांग की। उनकी तहरीर पर साइबर अपराध थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
मुकदमा दर्ज कराते हुए भारद्वाज ने कहा है कि उनके पास एक अज्ञात कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को सब इंस्पेक्टर संजय शर्मा बताकर कहा कि उनके खिलाफ सोशल मीडिया पर शिकायत आई है, जिसे खत्म कराने के लिए एक लाख रुपये देने होंगे। इसके बाद दो अक्तूबर को एक और कॉल आई, जिसमें फिर से धमकी दी गई और रुपयों की मांग की गई।
ठग ने व्हाट्स एप पर पुलिस की वर्दी में अपनी तस्वीरें भी भेजी हैं। यह व्यक्ति लगातार उन्हें परेशान कर रहा है। साइबर अपराध थाना प्रभारी आशीष शर्मा ने बताया कि कॉल डिटेल्स और व्हाट्सएप चैट की तकनीकी जांच की जा रही है, ताकि आरोपी तक पहुंचा जा सके।
पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा का कहना है कि साइबर ठग अब खुद को पुलिस अधिकारी बताकर लोगों से धन उगाही की कोशिश कर रहे हैं। लोगों से अपील है कि वे किसी भी ऐसी कॉल या संदेश पर विश्वास न करें और तत्काल इसकी सूचना साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर या नजदीकी थाने में दें।