हाथरस के आगरा रोड स्थित दून पब्लिक स्कूल में 18 दिसंबर को प्रधानाचार्य जेके अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में मेरौ ब्रज अ पेज ऑन स्टेज थीम के अंतर्गत दून ग्रैंड्योर आठवें वार्षिकोत्सव का आयोजन हुआ। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति से समां बांध दिया। एसपी निपुण अग्रवाल ने कहा कि बच्चे भारत की धरोहर हैं। बच्चों को अच्छे नागरिक बनाने का दायित्व विद्यालय में शिक्षकों का होता है।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक निपुण अग्रवाल, सीडीओ साहित्य प्रकाश मिश्र, बीएसए उपेंद्र गुप्ता, जेके अग्रवाल ने संयुक्त रूप से दून ग्रैंड्योर उत्सव का फीता काटकर एवं मां शारदे की प्रतिमा के समक्ष शुभम करोति कल्याणम प्रार्थना के बीच दीप प्रज्ज्वलित और माल्यार्पण कर किया। उत्सव में अग्रवाल महिला मंडल, वार्ष्णेय वेलफेयर सोसायटी, रोटरी हेरिटेज के सदस्य, रोटरी गोल्ड संस्था, लायंस क्लब के सदस्य, निस्वार्थ सेवा संस्थान, सीए एसोसिएशन, डॉक्टर एसोसिएशन के सदस्य, जिले के सीबीएसई स्कूलों के प्रधानाचार्य, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, उनके परिवरीजन, अभिभावक, छात्र-छात्राएं एवं शहर के अन्य गणमान्य नागरिकों उपस्थिति रही।
प्रधानाचार्य ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट को दर्शकों के समक्ष प्रस्तुत कर कहा कि वार्षिकोत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा, प्रदर्शन, आत्माभिव्यक्ति और दायित्व की भावना को बहिमुखी होकर विकसित करने का अवसर मिलता है। प्री-प्राइमरी विभाग के बच्चों ने मनमोहक नृत्य, प्रेरक गीत, कृष्ण अवतार, कृष्ण जन्म, कृष्ण बधाई, बाल लीला, माखन चोरी, ब्रह्मांड दर्शन, गोवर्धन पर्वत लीला, नाग मर्दन, रास, होली, राधाकृष्ण वियोग, सुदामा चरित्र और महाभारत की प्रभावी प्रस्तुति दी। विद्यालय में तरह-तरह के जीवनपयोगी वस्तुओं एवं स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल लगाए गए।
अतिथियों ने छात्र-छात्राओं की वर्षभर क्षमताओं के मूल्यांकन के आधार पर उन्हें अलग-अलग श्रेणियों के लिए पुरस्कृत किया। संचालन कक्षा 11 के छात्र देवांश चौधरी, अंशिका गोयल, कक्षा नौवीं के छात्र आराध्या सिकरवार, कक्षा सातवीं की इशिका शर्मा, आकाशी दुबे एवं श्रेया अग्रवाल ने किया। कार्यक्रम का समापन सभी आगंतुकों का आभार जताने और राष्ट्रीय गान के साथ हुआ।