हाथरस सिटी स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ने के लिए होती मारामारी। संवाद
- फोटो : Samvad
होली के त्योहार पर सोमवार को हाथरस सिटी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ उमड़ पड़ी। अछनेरा से कासगंज जाने वाली पैसेंजर ट्रेन पहले ही यात्रियों से खचाखच भरकर पहुंची। भीड़ के चलते कासगंज पैसेंजर को दो बार रोकना पड़ा।
बताया गया कि अछनेरा और मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन से बड़ी संख्या में यात्री इस ट्रेन में सवार हो चुके थे। ऐसे में हाथरस सिटी स्टेशन पर पहुंचते ही स्थानीय यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने की जगह नहीं मिल सकी। कई यात्री दरवाजों पर लटककर यात्रा करने लगे, जिससे स्थिति जोखिमपूर्ण हो गई।
दरवाजों पर लटके यात्रियों और ट्रैक के समीप खड़े लोगों को देखकर लोको पायलट को ट्रेन दो बार चलाकर रोकनी पड़ी, ताकि कोई दुर्घटना न हो। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आरपीएफ और जीआरपी के जवानों ने मोर्चा संभाला।
जवानों ने दरवाजों पर लटके यात्रियों को अंदर व्यवस्थित कराया और प्लेटफाॅर्म व ट्रैक के पास खड़े लोगों को हटाया। पूर्वाेत्तर रेलवे के लिए वरिष्ठ मंडलीय वाणिज्य प्रबंधक इज्जतनगर संजीव शर्मा ने बताया कि स्टेशनों पर यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाती है। प्रत्येक स्टेशन पर पर्याप्त सुरक्षाकर्मी लगाए गए हैं।
बसों में भी रही भीड़
हाथरस डिपो की ओर से पूरी क्षमता के साथ बसों का संचालन किया जा रहा है। सोमवार को भी बसों में दिल्ली, नोएडा से बड़ी संख्या में यात्री हाथरस आए। इसके साथ ही आगरा-अलीगढ़ व कासगंज-मथुरा मार्ग पर चलने वाली बसों में भी भीड़ खूब रही।