जैसे ही शराब सेवन करने वालों को पता चला कि एक बोतल के साथ एक फ्री मिल रही है, वैसे ही शराब की दुकानों पर कतारें लग गईं। ग्राहकों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। पुलिस ने सख्ती बरतते हुए भीड़ को संभाला।
वित्तीय वर्ष की समाप्ति से पहले शराब का पुराना स्टॉक खत्म करने के लिए विक्रेताओं ने एक के साथ एक बोतल फ्री देने का ऑफर शुरू कर दिया है। इसका फायदा उठाने के लिए 29 मार्च को हाथरस शहर में शराब की दुकानों पर भीड़ उमड़ पड़ी। लंबी कतारें लग गईं। भीड़ को संभालने के लिए पुलिस को मैदान में उतरना पड़ा।
शराब की एक बोतल के साथ दूसरी फ्री मिलने की सूचना शहर में आग की तरह फैल गई। दुकानों पर भीड़ एकत्रित हो गई। शराब लेने के लिए ग्राहकों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। मंडी समिति स्थित दुकान पर मारपीट तक हो गई, जिससे वहां हंगामा खड़ा हो गया। मौके पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने सख्ती बरतते हुए भीड़ को संभाला।