हाथरस। गांजा और चरस पीकर युवकों के मौत के मुंह में समाने से गांव अय्यापुर के लोग मंगलवार को भड़क उठे। नशे की पुड़िया बेचने के आरोप में एक दुकानदार की जमकर धुनाई की। नशे के लती युवक की मौत पर वह नाराज थे।
इस दुकानदार के पास से नशे की चार-पांच पुड़िया भी ग्रामीणों ने बरामद होने का दावा किया है। उसे पकड़कर थाने ले गए और हंगामा किया। आरोप लगाया कि पुलिस नशे के कारोबार पर अंकुश नहीं लगा रही जिससे नशे के लती होकर असमय मौत का शिकार हो रहे हैं।
अय्यापुर गांव सदर कोतवाली क्षेत्र में आता है। गांव के करीब 32 वर्षीय एक युवक की मंगलवार को मौत हो गई। यह युवक नशे का लती था। ग्रामीणों का कहना है कि नशे की वजह से ही उसकी जान गई। ग्रामीणों के अनुसार एक-डेढ़ साल के अंदर तीन-चार युवक नशे के चलते दम तोड़ चुके हैं। सभी की उम्र 25 से 40 वर्ष के बीच ही थी।
मंगलवार को फिर एक मौत से ग्रामीण उत्तेजित हो उठे। एकत्र होकर उन्हाेंने आगरा रोड पुलिस चौकी पर हंगामा किया। इसके बाद गांव पहुंचकर नशे का कारोबार करने के आरोप में एक दुकानदार को पकड़कर पीटा।