सादाबाद में यमुना एक्सप्रेस वे पर गांव मिढ़ावली के निकट रविवार की देर रात बाइक सवार पुलिस कर्मी को कार ने रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान कार भी अनियंत्रित होकर पलट गई।
कार में सात लोग सवार थे, जिनमें पांच लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची हाईवे की एंबुलेंस घायलों को आगरा ले गई। एसएसआई विपिन यादव के मुताबिक वहां एक घायल की मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि जितेंद्र पुत्र मान सिंह निवासी गुद्दर थाना जमुना पार मथुरा यूपी पुलिस में सिपाही था। वर्तमान में उसकी तैनाती आगरा पुलिस लाइन में थी।
बताते हैं कि रविवार की रात को जितेंद्र बाइक से अपने गांव गुद्दर लौट रहा था। जैसे ही उसकी बाइक यमुना एक्सप्रेस वे पर गांव गुद्दर के निकट पहुंची, तभी एक कार ने उसकी बाइक को रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उसकी बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं, हादसे के दौरान कार भी अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें बैठे सात लोगों में से पांच लोग घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची हाईवे की एंबुलेंस से सभी घायलों को आगरा ले जाया गया, जहां एक घायल की मौत हो गई। उधर, सूचना मिलने पर सादाबाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और सिपाही के शव को सीएचसी सादाबाद लाया गया। पुलिस ने इसकी सूचना परिजनों को दी, जहां देर रात उसके परिजन भी पहुंच गए। पूरा सीएचसी परिसर परिजनों की चीख-पुकार से गूंज उठा। पुलिस ने गाड़ी को चालक सहित कब्जे में ले लिया है।