सादाबाद/हाथरस। कस्बे में नशे में धुत एक शख्स ने अपनी रिवॉल्वर से फायरिंग कर दी। एक गोली पड़ोस में खेल रही मासूम बच्ची के जा लगी, जिससे उसकी मौत हो गई। करवा चौथ के दिन मासूम बच्ची की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। देर रात तक इस मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई थी।
कस्बा की सिंह कॉलोनी मोहल्ला चामड़ वाला निवासी सतीश यादव मूल रूप से फिरोजाबाद के रहने वाले हैं। काम-धंधे की वजह से वह यहां रहते हैं। करवा चौथ का त्योहार होने की वजह से सतीश के तीन मासूम बच्चे छत पर खेल रहे थे। सतीश का आरोप है कि तभी पड़ोस में रहने वाला एक शख्स वहां आया और उसने अपनी रिवॉल्वर से फायरिंग शुरू कर दी। यह शख्स सेना से रिटायर्ड है और नशे में धुत था। फायरिंग में एक गोली उसकी 12 वर्षीय बेटी खुशी को जा लगी। उसे लहूलुहान हालत में सीएचसी सादाबाद पर लाया गया।
जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। त्योहार के मौके पर मासूम की मौत ने पूरे परिवार को सदमे की हालत में ला दिया। माता-पिता के आंसू थम नहीं रहे थे। परिजन खुशी के शव को लेकर कोतवाली सादाबाद पहुंच गए। देर रात इस मामले में तहरीर दी जा रही थी। बताते हैं कि आरोपी सीएचसी तक बच्ची के परिजनों के साथ आया, लेकिन जैसे ही डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित किया, वैसे ही आरोपी वहां से खिसक गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।