मोहल्ला मटकोटा में गुरुवार सुबह रंगदारी का विरोध करने पर एक समुदाय के युवकों ने दूसरे समुदाय के दुकानदार को पीट-पीट कर बेहोश कर दिया। इसको लेकर दोनों समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए और पथराव हो गया। इससे मोहल्ले में भगदड़ मच गई। विवाद में महिला समेत चार लोग घायल हो गए। दुकानदार की पत्नी की तहरीर के आधार पर आधा दर्जन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इधर तनाव के एहतियातन मोहल्ले में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।
मटकोटा में संजय गुप्ता की परचून की दुकान है। संजय की पत्नी कल्पना ने पुलिस को बताया कि मोहल्ले के दीना पहलवान, मुशीर, सलमान, शानू, अलीम, सलीम, शम्मी आदि उनकी दुकान पर आए। आरोप है कि इन लोगों के हाथ में तमंचा और धारदार हथियार थे। आरोपियों ने रंगदारी मांगी। मना करने पर सभी लोग हमलावर हो गए। इन लोगों ने संजय के सिर में तमंचे की बट से प्रहार किया जिससे वह बेहोश हो गया। पति को बचाने के लिए कल्पना आईं तो आरोपी ने उन्हें भी पीट दिया। दुकान का सामान फेंक दिया।
आरोप है कि ये लोग गल्ले में रखे रुपयों को भी लूटकर ले गए। बीचबचाव में पड़ोस के ही सुमित गुप्ता, मनोज गुप्ता भी घायल हो गए। देखते ही देखते वहां पथराव शुरू हो गया, जिससे पास में खड़ी कार कार के शीशे भी टूट गए। सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने चुस्ती दिखाते हुए हालात को काबू किया। कल्पना की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सीओ सुधीर प्रताप सिंह का कहना है कि गुंडागर्दी किसी भी किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।